Bihar Chunav 2020 Results :बांका में मतगणना को ले सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 16 स्थानों पर चेक पोस्ट
Bihar Chunav 2020 Results बांका में मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह जगह पुलिस की तैनाती की गई है। सुबह साढ़े छह बजे के करीब से ही मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटने लगी थी।
बांका, जेएनएन। Bihar Chunav 2020 Results : जिला के पांच विधान सभा क्षेत्र में 62 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा। दोपहर बाद चुनाव परिणाम आने की संभावना है। कोरोना को लेकर प्रशासन ने इस बार दो स्थानों पर मतगणना केंद्र बनाया है। पीबीएस कॉलेज के मतगणना केंद्र पर बांका, बेलहर व कटोरिया विधान सभा क्षेत्र की गिनती होगी। जबकि डायट केंद्र पर अमरपुर व धोरैया केंंद्र पर गिनती होगी। शहर के सभी चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है।
मतगणना कर्मियों को पौने आठ तक हर टेबल पर पहुंचने का निर्देश
सुबह पांच बजे से ही दोनों मतगणना केंद्र पर लोगों का पहुंचना शुरु हो गया। डीएम सुहर्ष भगत ने बताया कि सभी कर्मी अपने-अपने टेबल पर पौने आठ बजे तक पहुंच गए। आठ बजे से गिनती शुरु होगी। पहले सॢवस वोटरों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम की गिनती शुरु की जाएगी।
भाजपा प्रत्याशी भी केंद्र पर पहुंचीं
सुबह करीब पौने सात बजे कटोरिया से भाजपा की प्रत्याशी निक्की हेम्ब्रम पीबीएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर पहुंच गई। वहीं, बांका विधानसभा से रालोसपा के प्रत्याशी कौशल सिंह भी सुबह सात बजे के करीब मतगणना केंद्र पर पहुंच गए थे।
केंद्र के बाहर समर्थकों की भी जुटने लगी भीड़
सुबह साढ़े छह बजे से ही बांका के दोनों मतगणना केंद्रों के बाहर विभिन्न पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी भीड़ जुटने लगी थी। हालांकि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी को मतगणना केंद्र के आसपास बिना आई कार्ड के आने नहीं दिया जा रहा है।