बिहार के भाजपा विधायक ने इंटरनेट मीडिया पर किया पोस्ट- मुझसे ज्यादा दबंग व रंगदार कोई नहीं है, अपराधी गांठ बांध लें
बिहार के बिहपुर से भाजपा विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने नारायणपुर में व्यापारियों से ...और पढ़ें

बिहार के बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक इं. शैलेन्द्र ने की व्यापारियों से संवाद
संवाद सूत्र, नारायणपुर (भागलपुर)। बिहार के बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक इं. शैलेन्द्र ने संवाद कार्यक्रम में अपराधियों को संभल जाने को कहा। उन्होंने कहा कि मुझे हल्के में नहीं लें। बिहार में सुशासन की सरकार है। अपराधियों का सीएम नीतीश की नेतृत्व वाली सरकार में कुछ नहीं चलेगा। अपराध करने वाले नहीं बख्शे जाएंगे। इं. शैलेन्द्र ने अपराधियों को अपराध छोड़ देने को कहा। अन्यथा अंजाम भुगतने को तैयार रहने की बात कही।
व्यापारियों ने विधायक से सुरक्षा की गुहार की
नारायणपुर बाजार में व्यापारियों के साथ संवाद के दौरान विधायक इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने दो टूक कहा कि एनडीए शासन काल में व्यापारियों को डराने, पीटने और धमकाने का खेल नहीं चलेगा। लंबे समय से बाजार के व्यवसायी भय के माहौल में जी रहे थे। आज उन्होंने खुलकर अपनी पीड़ा रखी। इस दौरान कई व्यापारियों ने कहा कि- हम लोग काफी भयभीत हैं। अपराधी धमकाते हैं। रंगदारी मांगते हैं। लूट होती है।
मारपीट की घटना दुखद
विपिन पंडित के साथ हुई मारपीट कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि पूरे व्यवसायिक समाज को दबाने की साजिश थी, जो लोग खुद को रंगदार समझते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि बिहपुर में अब रंगदारी नहीं, व्यवस्था चलेगी। अपराध अगर नहीं रुका, तो अपराधियों को रोका जाएगा और बहुत सख्ती से रोका जाएगा। जरूरत पड़ी तो एनकाउंटर की कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेंगे। यह जीरो टालरेंस वाली एनडीए सरकार है।
यह इलाका किसी की जागीर नहीं है
विधायक ई. शैलेन्द्र ने कहा कि- मैंने बड़े-बड़े रंगदार संभाले हैं। अपराधियों को कहा- यह इलाका किसी की जागीर नहीं है। एनडीए के शासन में डर का नहीं, हिम्मत का राज होता है। व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि बिहपुर में दुकानें डर से नहीं, सम्मान से चलेंगी। जो हाथ व्यापारियों पर उठेगा, वही हाथ सबसे पहले टूटेगा। विधायक ने कहा कि लोगों ने मुझपर भरोसा जताया है। व्यापारियों के उम्मीदों पर मैं खरा उतरूंगा।
