धूप हमारी, नमी हमारी, हमारे ही बादल बरसेंगे! भागलपुर में सुबह तीखी धूप के बाद दोपहर में बौछारें, 34°C रहेगा पारा
Bhagalpur Weather Forecast Update: भागलपुर में शुक्रवार को सुबह तेज धूप और उमस के बाद दोपहर या शाम तक गरज-चमक ...और पढ़ें

Bhagalpur Weather Forecast Update: भागलपुर में सुबह तीखी धूप और उमस के बाद दोपहर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार; 4 दिनों तक बना रहेगा उतार-चढ़ाव
HighLights
सुबह तेज धूप और उमस, दोपहर बाद बारिश की संभावना।
स्थानीय कारकों से बनेंगे बादल, खंड वर्षा के आसार।
अगले चार दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव, आंधी-बारिश संभव।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Weather Forecast Update:यदि सुबह की शुरुआत खिली धूप और साफ आसमान के साथ हो रही है, तो यह मान लेना भूल होगी कि पूरा दिन सूखा और तल्ख रहेगा। भागलपुर और आसपास के मैदानी इलाकों में शुक्रवार को मौसम का मिजाज कुछ इसी तरह आंख-मिचौली खेलने वाला है। सुबह के समय आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप खिलेगी, जिससे तापमान और उमस दोनों में तेजी से इजाफा होगा।
हालांकि, दिन के दूसरे पहर में जैसे-जैसे सूरज की किरणें जमीन को तपाएंगी, वातावरण में पहले से मौजूद प्रचुर नमी संवहनीय (कन्वेक्टिव) बादलों का निर्माण करेगी। यानी धूप भी हमारी होगी, नमी तो हमारी है ही, बादल भी हमारे बनेंगे और वर्षा भी हमारे क्षेत्र में ही होगी! इसके प्रभाव से दोपहर बाद अथवा शाम के वक्त गरज-चमक के साथ रुक-रुककर तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भागलपुर केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
स्थानीय मौसमी तंत्र कराएगा खंड वर्षा
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बीते पखवाड़े में हुई सिलसिलेवार वर्षा के बाद पिछले चार-पांच दिनों से बारिश का सिलसिला भले ही थमा हुआ है, लेकिन वायुमंडल की निचली सतह में नमी का स्तर अभी भी काफी ऊंचा बना हुआ है। गुरुवार को दिनभर खिली तीखी धूप और भारी उमस ने लोगों को खूब पसीने से तरबतर किया, लेकिन रात होते-होते इसी आद्रता ने स्थानीय स्तर पर मौसमी चक्र को सक्रिय कर दिया।
भागलपुर और आसपास के इलाकों में सुबह साफ आसमान के साथ खिली तीखी धूप; दिन चढ़ने के साथ उमस में होगी भारी बढ़ोतरी
दोपहर बाद तेज हीटिंग और हवा में मौजूद नमी से विकसित होंगे संवहनीय बादल; गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भागलपुर केंद्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम पारा 26°C रहने की संभावना
अगले चार दिनों तक जारी रहेगा मौसम में उतार-चढ़ाव; शनिवार से सोमवार के बीच रुक-रुककर बारिश और आंधी के बन रहे आसार
विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में मौसम में जो भी परिवर्तन दिख रहा है, वह किसी बड़े मानसूनी सिस्टम के बजाय विशुद्ध रूप से स्थानीय कारकों (लोकल हीटिंग व मॉइश्चर) का परिणाम है। इस प्रक्रिया में विकसित होने वाले बादल पूरे जिले में एक समान नहीं बरसते, बल्कि अलग-अलग हिस्सों में छोटे-छोटे पैच बनाकर खंड वर्षा (लोकल शॉवर्स) कराते हैं। दोपहर में उमस चरम पर पहुंचते ही गरज-चमक के साथ कुछ इलाकों में झमाझम पानी गिर सकता है।
अगले चार दिनों तक जारी रहेगा बादलों का आना-जाना
मौसम विज्ञान केंद्र के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, क्षेत्र में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज इसी प्रकार अस्थिर बना रहेगा:
शनिवार: दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम पारा करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाने, धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश के आसार हैं।
रविवार: अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिन में एक से दो दौर में मध्यम से तेज बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
सोमवार: बादलों की आवाजाही के बीच पारा 34 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहने और रुक-रुककर वर्षा होने की अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी।
