कटिहार-भागलपुर स्पेशल होगी नियमित, बिहपुर में रुकेगी नॉर्थ ईस्ट व गरीब नवाज, मंत्री ई. शैलेंद्र ने GM से की चर्चा
Bihpur Railway Station Passenger Facilities ECR GM Meeting: पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने पटना में पूर्व मध्य रेलवे के ...और पढ़ें

Bihpur Railway Station Passenger Facilities ECR GM Meeting: भागलपुर-कटिहार स्पेशल नियमित करने और नॉर्थ ईस्ट के ठहराव की मांग; मंत्री ई. शैलेंद्र ने ECR जीएम संग की बैठक
HighLights
मंत्री शैलेंद्र ने बिहपुर में रेल सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर चर्चा की।
भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का प्रस्ताव रखा गया।
नॉर्थ ईस्ट, गरीब नवाज एक्सप्रेस के बिहपुर ठहराव पर सहमति बनी।
संवाद सूत्र, बिहपुर (भागलपुर)। Bihpur Railway Station Passenger Facilities ECR GM Meeting: बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तीनों प्रमुख स्टेशनों—बिहपुर, खरीक और नारायणपुर में यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण और नई ट्रेनों के ठहराव को लेकर राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक इं. शैलेंद्र ने ठोस पहल की है। मंत्री ने बुधवार को पटना में पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर), हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक (जीएम) डिंपी गर्ग और वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र के दैनिक रेल यात्रियों, व्यापारियों और आम जनता की सहूलियत से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर बिंदुवार विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान मंत्री ने प्रमुखता से मांग रखी कि ट्रेन संख्या 03407 भागलपुर–कटिहार स्पेशल ट्रेन को नियमित पैसेंजर ट्रेन का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही कटिहार से सुबह 5:30 बजे भागलपुर के लिए इसका परिचालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे दोनों शहरों के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले कामकाजी लोगों और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिल सके।
बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने पटना में पूर्व मध्य रेल (ECR) हाजीपुर के जीएम डिंपी गर्ग संग की उच्चस्तरीय बैठक
स्पेशल ट्रेन संख्या 03407 भागलपुर–कटिहार को नियमित करने और सुबह 5:30 बजे कटिहार से परिचालन शुरू करने का रखा प्रस्ताव
नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस और गरीब नवाज एक्सप्रेस का बिहपुर में ठहराव, टाटा लिंक को दैनिक करने और मुंगेर-महेशखूंट ट्रेन के विस्तार की मांग
बिहपुर स्टेशन पर निर्माणाधीन एफओबी को सर्कुलेटिंग एरिया तक जोड़ने, मालगोदाम चालू कराने व एप्रोच रोड मरम्मत पर बनी सहमति
इसके अतिरिक्त, लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों—ट्रेन संख्या 12505/12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस और 15715/15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस का अप व डाउन दोनों दिशाओं में बिहपुर स्टेशन पर व्यावसायिक ठहराव देने की मांग रखी गई। साथ ही, टाटा लिंक एक्सप्रेस को सप्ताह में चुनिंदा दिनों के बजाय नियमित दैनिक रूप से चलाने, मुंगेर–महेशखूंट पैसेंजर ट्रेन का विस्तार बिहपुर स्टेशन तक करने और कोरोना काल से पूर्व की तरह पटना–बिहपुर डीएमयू सेवा को दोबारा प्रतिदिन शुरू करने का प्रस्ताव भी जीएम के समक्ष रखा गया।
एफओबी विस्तार, मालगोदाम और एप्रोच रोड पर बनी सहमति
ट्रेनों के परिचालन और ठहराव के अलावा इं. शैलेंद्र ने बिहपुर जंक्शन के आधारभूत ढांचे के विकास का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बिहपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो के बीच निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की लंबाई बढ़ाकर उसे सीधे बाहरी सर्कुलेटिंग एरिया तक जोड़ने की आवश्यकता जताई, ताकि यात्रियों को मुख्य सड़क से प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में परेशानी न हो।
व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बिहपुर मालगोदाम (गुड्स शेड) सेवा को अविलंब पुनः क्रियाशील करने तथा स्टेशन के पश्चिमी केबिन से इमली चौक होते हुए पूर्वी केबिन तक जाने वाली जर्जर रेलवे सड़क के कायाकल्प की मांग की।
सकारात्मक कार्रवाई का मिला आश्वासन
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने मंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों और जनहित से जुड़ी मांगों को अत्यंत गंभीरता से सुना। बैठक के उपरांत सभी प्रमुख तकनीकी व परिचालन बिंदुओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक विभागीय कदम उठाने और रेलवे बोर्ड को जरूरी अनुशंसाएं भेजने पर सहमति बनी।
मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि बिहपुर, खरीक और नारायणपुर क्षेत्र के लोगों को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए प्रशासनिक और नीतिगत स्तर पर लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
