Bihar Assembly Elections 2020 : अररिया में बोले राहुल गांधी - नीतीश जी ने आपको धोखा दिया, महागठबंधन पर करें भरोसा
Bihar Assembly Elections 2020 अररिया में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सभा हुई। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर देश को धोखा दिया है। उन्होंने महागठबंधन प्रत्याशी को वोट देने की अपील की।
अररिया, जेएनएन। कोई मोदी जी की बात करता है तो कोई नीतीश जी की बात करता है। नरेंद्र मोदी जी नीतीश जी की मदद करते हैं। आपने पिछली बार चुनाव में जदयू को वोट दिया था बीजेपी को नहीं दिया था। लेकिन नीतीश जी ने आपको धोखा दिया। आपके पेट में छूरा मारा। नरेंद्र मोदी कहते हैं रोजगार देंगे नीतीश जी कहते है बिहार बदल देंगे। बाढ़ की समस्या ठीक हो जाएगी। सच्चाई दूसरी है। यह दोनों लोग गरीबों के लिए काम नहीं करते। टीवी पर सिर्फ मोदी जी ही दिखते हैं। यह बातें मंगलवार को अररिया आजाद एकेडमी परिसर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कही। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दौरान आप घंटों लाइन में खड़े रहे। क्या अंबानी और अंडानी लाइन में खड़े थे। उन्होंने कोरोना पर कहा कि कोरोना आता है आठ बजे आते है और कहते है 22 दिन में हिंदुस्तान को कोरोना हरा देगा। एक काम करों थाली बजाओ लोगों ने थाली बजायी। फिर कहते है मोबाइल फोन की लाइट जलाओ यह भी लोगों ने किया। लेकिन अब कोरोना के बारे में एक बार भी नहीं बोलते हैं। उनका चरित्र कोरोना के समय देखने को मिला। कहीं कहीं सच्चाई की झलक दिख जाती है। फिर आठ बजे कहते है लाकडाउन करना होगा। उन्होंने एक मिनट भी नहीं सोचा मजदूरों का क्या होगा। कोई पंजाब तो कोई दिल्ली व अन्य प्रदेशों में है। इन मजदूरों का क्या होगा। गरीबों को ट्रेन नहीं दूंगा। आपने कभी मोदी जी को गरीबों से मिलते नहीं देखें होंगे। मैने एक मजदूर से मिला उनका हाल जाना। मजदूरों ने कहा कि मोदी जी ने लाकडाउन किया और एक दिन तक का मौका नहीं दिया ताकि मैं घर पहुंच जाता। पांच मिनट ही क्यों नहीं दिया। जो सामान था वो पंजाब में छोड़ दिया। किसानों को धान का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा छत्तीसगढ में किसानों को धान का 2500 रुपये मिल रहा है और किसान इस पैसे से कुछ न कुछ खरीदते हैं। वहां कोई समस्या नहीं है। मोदी कहते हैं मैने किसान को आजाद कर दिया। पंजाब में पहली बार देखा दशहरे में रावण की जगह मोदी, अंबानी और अंडानी का पुतला जलाया जा रहा है। जब आजादी दी तो खुश क्यों नहीं हुआ।
फारबिसगंज में चार बार मोदी जी आए एयरपोर्ट क्यों नहीं लगा देते। उन्होंने कहा कि इस बार यहां की जनता ने विचार बना लिया लिया है कि मोदी जी व नीतीश जी ने कितने लोगों को रोजगार दिए। नीतीश जी ने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया लेकिन उसे पूरा नहीं कर सके।
कहा कि महागठबंधन की सरकार बनेगी तो हम मिलकर इस प्रदेश को बदलने का कार्य करेंगे। उन्होंने इवीएम पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इवीएम नहीं मोदी वोटिंग मशीन है। मंच संचालन अखिलेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, अररिया से कांग्रेस प्रत्याशी आबिदुर्रहमान, फारबिसगंज से प्रत्याशी जाकिर अनवर आदि मौजूद थे।
यह भी देखें:Araria में बोले Rahul Gandhi, EVM का नाम बदल कर MVM यानी Modi Voting Machine होना चाहिए