Bihar Assembly Elections 2020 : बांका की राजनीति में लालकोठी की भूमिका रहेगी अहम
Bihar Assembly Elections 2020 बांका और जमुई में पूर्व सांसद पुतुल देवी इस बार पूरी तरह सक्रिय है। वे और उनकी पुत्री श्रेयसी के चुनाव लड़ने की संभावना है।
बांका, जेएनएन। Bihar Assembly Elections 2020 : पूर्व सांसद पुतुल सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जदयू के साथ जाने का कोई सवाल ही नहीं है। पहले उनके पति और बाद वे जदयू से धोखा खा चुके हैं। विधानसभा चुनाव में लड़ने का उन्हें राजद, लोजपा और भाजपा से आमंत्रण मिला है। वे अबतक अपने कार्यकर्ताओं से रायसुमारी नहीं कर सके थे। अब बैठक हो गई है, जल्द ही वह अगला कदम उठाएंगी। इंटरनेशनल शूटर और उनकी बेटी श्रेयशी सिंह के चुनाव लड़ने की अटकलों पर कहा कि बांका के सभी लोग उसे आशीर्वाद देने जुटे थे। इन बातों ने साफ कर दिया है कि पुतुल सिंह विधानसभा चुनाव में खुद या अपनी बेटी के माध्यम से उतरेंगी। पूर्व सांसद
लालकोठी में समर्थकों की बैठक के बाद दैनिक जागरण से बात कर रही थीं। बैठक में समर्थकों ने कहा कि किसी भी दल से समझौता सत्ता में हिस्सेदारी के आधार पर ही तय हो। मंगलवार की देर शाम तक चली बैठक में अधिकांश कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर राजद सत्ता में उन्हें साझीदार बनाता है तो उसके साथ जाने में कोई गुरेज नहीं है। कुछ ने भाजपा में भी सीट मिलने पर जाने की सलाह दी। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक गणेश पासवान और संचालन श्रीनारायण शर्मा सलील ने किया। बैठक में बांका के करीब दो सौ कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, पूर्व प्रमुख सुमन सिंह, नंदकिशोर पंडित, रौशन पासवान, जनार्दन सिंह दांगी, जयशंकर चौधरी, कुंदन सिंह, गौरीशंकर सिंह, चंदन सिंह, मुखिया संतोष सिंह, राखी कुशवाहा आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।
चुनाव लड़ सकती श्रेयसी सिंह
पुतुल सिंह अपने पांच समर्थकों को बांका, भागलपुर और मुंगेर संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों से प्रत्याशी बनाना चाह रहीं हैं। हालांकि सूत्रों के अनुसार आरजेडी ने इनमें तीन पर हरी झंडी भी दे दी है। आरजेडी से बांका, अमरपुर, सुल्तानगंज, धोरैया तथा जमुई की एक सीट मांगा है। बांका या अमरपुर सीट से पूर्व सांसद की बेटी नेशनल शूटर श्रेयसी सिंह भी चुनाव लड़ सकती हैं।