Bihar Assembly Elections 2020 : भाजपा ने शुरू किया पार्टी प्रत्याशियों का सर्वे, कई स्तरों पर लिया जा रहा है फीडबैक
Bihar Assembly Elections 2020 भाजपा में प्रत्याशियों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। किस विधानसभा से कौन-कौन से लोग प्रत्याशी बनाए जा सकते हैं इसे लेकर सर्वे कराया जा रहा है।
भागलपुर [नवनीत मिश्र]। Bihar Assembly Elections 2020 : भाजपा ने विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की खोज शुरू कर दी है। पार्टी द्वारा अधिकृत एजेंसी के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) व इससे जुड़े संगठनों ने सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे के दौरान कई नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, अभी तक जिले से एक भी नाम प्रदेश नेतृत्व को नहीं भेजा गया है।
भाजपा प्रत्याशियों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। किस विधानसभा से कौन-कौन से लोग प्रत्याशी बनाए जा सकते हैं, इसे लेकर पार्टी द्वारा अधिकृत एजेंसी से सर्वे कराया जा रहा है। एजेंसी से जुड़े लोगों ने जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र, मंडल अध्यक्ष, सप्तऋषियों आदि से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। सर्वे जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में होना है। आरएसएस के पदधारक भी इस संबंध में जानकारी इकटठा कर रहे हैं। संघ की विचारधारा से जुड़े लोग भी अपने स्तर से सर्वे कर रहे हैं। सर्वे का मुख्य आधार वर्तमान समीकरण को बनाया जा रहा है। साथ ही अनुभव व विचारधारा के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है। संघ से जुड़े हैं तो कब से जुड़े हैं, भाजपा से कब से जुड़े हैं, जनाधार क्या है आदि जानकारी ली जा रही है।
हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने अभी तक अपने स्तर से संभावित प्रत्याशियों की सूची नहीं मांगी है। कहा जा रहा है कि सर्वे का कार्य पूरा होने के बाद ही प्रदेश मुख्यालय द्वारा सूची मांगी जा सकती है। फिलहाल चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हर कोई टिकट को लेकर जोर-अजमाइश में लगे हैं। पटना से लेकर दिल्ली का चक्कर लगा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ता आधारित सर्वे ही होता है। भाजपा परिवार से सलाह-मशविरा के बाद ही प्रत्याशियों की सूची तैयार होती है। अभी प्रत्याशियों के संबंध में कोई जानकारी मुख्यालय के स्तर से नहीं मांगी गई है। - रोहित पांडेय, जिलाध्यक्ष, भाजपा