Bihar assembly election 2020 : नीतीश कुमार ने बदली बिहार की दशा और दिशा : मांझी
Bihar assembly election 2020 जमुई के सिकंदरा में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने नीतीश सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने तेजस्वी और चिराग पर लोगों को बरगलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एडीए कार्यकाल में ही बिहार का विकास होगा।
जमुई, जेएनएन। Bihar assembly election 2020 : पूर्व मुख्यमंत्री व हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने मंगलवार को कहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार की दशा और दिशा दोनों बदली है। नीतीश कुमार ने युवाओं को नौकरी देने का पुख्ता इंतजाम कर दिया है। अगर सूबे में खेती सही से होगी तो युवा खुद रोजगार से जुड़ जाएंगे। मांझी श्रीकृष्ण विद्यालय के खेल मैदान में हम पार्टी के उम्मीदवार प्रफुल्ल मांझी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव 10 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात कह रहे हैं। इसमें एक लाख 17 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। बिहार का बजट दो लाख 17 हजार करोड़ का है। बाकी बची राशि से बिहार का विकास कैसे संभव है? उन्होंने कहा कि तेजस्वी युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। मांझी ने इशारों में ही लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान पर कटाक्ष भी किया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान पार्षद सम्राट चौधरी ने धारा 370 और राम मंदिर का भी मौके पर अपने भाषण में जिक्र किया।