भागलपुर में भोलानाथ अंडरपास पर नहीं बना फ्लाइओवर, 1110 मीटर बनना है
अब तब भोलनाथ अंडरपास के लिए भूअर्जन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। यह फ्लाइओवर 1110 मीटर बनना है। इसके लिए अब तक डीपीआर की स्वीकृति नहीं मिली है।
भागलपुर, जेएनएन। भोलानाथ अंडरपास के ऊपर फ्लाइओवर का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। पिछले पांच वर्षों में इसके डीपीआर की ही स्वीकृति नहीं मिली है। इससे शहर की दो लाख की आबादी को हर वर्ष बरसात में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके नहीं बनने से मोहद्दीनगर, मिरजानहाट, क्लबगंज, बबरगंज, सिकंदरपुर, शिवपुरी कॉलोनी, इशाकचक, लालूचक, एलआइसी कॉलोनी, बबरगंज समेत दक्षिणी क्षेत्र कई इलाकों की दो लाख आबादी को आवागमन में परेशानी हो रही है।
2005 से बन रही निर्माण की योजना
मिरजानहाट शीतला स्थान से भीखनपुर गुमटी नंबर दो के फ्लाइओवर निर्माण की योजना 2005 से बन रही है। प्रस्तावित 1110 मीटर भोलानाथ पुल के ऊपर फ्लाइओवर के डीपीआर को पिछले वर्ष स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया था। अभी तक डीपीआर को प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। कहा जा रहा है कि फिलहाल टेंडर निकालने की प्रक्रिया चल रही है। कोरोना के कारण टेंडर निकालने में विलंब हो रहा है।
117 करोड़ रुपये निर्माण पर होने हैं खर्च
दक्षिणी क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को देखते हुए 12 साल पूर्व ही भोलानाथ पुल के ऊपर फ्लाइओवर बनाने की सरकार ने योजना बनाई थी। फ्लाइओवर निर्माण के लिए रेलवे से अनापत्ति पत्र मिल चुका है। 117 करोड़ रुपये से फ्लाइओर का निर्माण होगा, जिसमें से 45 करोड़ रुपये भू-अर्जन पर खर्च होंगे। इसकी चौड़ाई 8.4 मीटर होगी।
भोलानाथ फ्लाइओवर को लेकर लगातार मांग उठाते रहे हैं। विधानसभा में भी मामले को उठाया गया है। पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख ने पत्र भेजकर बताया है कि लोक वित्त समिति की अनुशंसा प्रक्रियाधीन है। फ्लाइओवर को लेकर जल्द निविदा की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। - अजीत शर्मा, विधायक