Bhagalpur Weather Today: सुबह से लगातार हो रही बारिश, जानिए... आज का मौसम पूर्वानुमान
Bhagalpur Weather Today भागलपुर सहित आसपास के जिलों आज सुबह से ही बारिश हो रही है। लगातार मौसम में परिवर्तन हो रहा है। बारिश अभी और आने की संभावना है। मौसम विज्ञानी के अनुसार मानसून का प्रभाव अभी है।
संवाद सहयोगी, भागलपुर। Bhagalpur Weather Today: झमाझम बारिश से भागलपुर और आसपास का क्षेत्र सराबोर हो रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आज से लगातार तेज बारिश होगी। बताया गया कि अभी कई दिनों तक इसी प्रकार रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। अभी तक तकरीबन 50 एमएम बारिश हो गई और भी बारिश होने की संभावना है। आसमान में बादल छाया हुआ है। धूप खिलने के आसार नहीं हैं। बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सुबह से ही लोग घरों में कैद हैं। बारिश के कारण घर से नहीं निकल पा रहे हैं।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कृषि ग्रामीण सेवा विभाग की माने तो पांच जुलाई तक ऐसा ही कमोवेश मौसम बना रहेगा। तेज बारिश होगी बादल के गर्जन और बिजली के चमक के बीच काला बादल उमड़ता घुमड़ता रहेगा। कभी तेज तो कभी कम बारिश होगी। बारिश के कारण तापमान में गिरावट हो गया है। लोगों को उमस से राहत मिल गई है। मौसम सुहाना हो गया है। खेती किसानी के लिए समय उपयुक्त है। नयाबाग लगाने का यह अच्छा समय है। बारिश के कारण पौधों के मरने की संभावना कम है। नीचले जमीन पर जलजमाव की निकासी करते रहना चाहिए।
उधर लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ता जा रहा है और तीव्र कटाव हो रहा है जिससे सबौर क्षेत्र के दर्जनभर गांवों पर संकट है। शहर के सड़क नाली गली सब जलमग्न हो गया हैं। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि कभी भी तेज बारिश होने लगेगी, जिससे परेशानी बढ़ेगी। हालांकि बीच-बीच में बारिश रुकने के बाद धूप भी खिलेगी। मौसम की अनुकूलता के कारण इस बार खरीफ फसल की बंपर पैदावार होगी। किसानों को सिंचाई में खर्च नहीं के बराबर होगा।
नेपाल सहित भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र मे गुरुवार को हुई भारी बारिश के कारण एक बार फिर अररिया के नदियों के जल स्तर मे वृद्धि हो रही है। नूना नदी मे करीब तीन फीट पानी बढ़ जाने से निचले इलाके मे फिर पानी फैल गया है। जिससे सालगोड़ी, कचना,अंसारी टोला एवं औलाबाड़ी के बाहरी भाग में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।बकरा नदी मे भी जलस्तर बढ़ गया है। गहराई होने के कारण अभी पानी नदी के ही चल रहा है।
खगड़िया में कोसी उफान पर है। बलतारा में कोसी खतरे के निशान से मात्र 36 सेमी नीचे है। बीते 24 घंटे के दौरान कोसी के जलस्तर में सात सेमी की वृद्धि हुई है। कोसी की टेंडेंसी राइजिंग है। बागमती खगड़िया के संतोष स्लूईस के पास स्थिर है, परंतु खतरे के निशान से मात्र 19 सेमी ही नीचे है। जबकि बूढ़ी गंडक और गंगा जिले में स्थिर है।
बांका में भी सुबह से बारिश हो रही है। लगातार वज्रपात की भी सूचना है। जनजीवन प्रभावित हुआ है। अमरपुर प्रखंड के कामदेवपुर बहियार में ठनका की चपेट में आने से शंभू हरिजन की मौत हो गई है। शंभू खेत से लौटने में ठनका की चपेट आ गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।