Bhagalpur Weather Forecast : आज शाम से बदल जाएगा मौसम का मिजाज, 20 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा, हो सकती है बारिश
Bhagalpur Weather Forecast कल तक भागलपुर और आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान हल्की बारिश के साथ करीब 20 किमी की रफतार के साथ हवा चल सकती है। इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
संवाद सहयोगी, भागलपुर। Bhagalpur Weather Forecast : आज शाम से कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार के आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट कर दिया गया है। इस दौरान करीब 20 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही तेज गर्जन के साथ बारिश की भी संभावना है।
बिहार कृषि विवि के मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकत और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट आएगी। इसके लिए यलो सिग्नल जारी किया गया है। बारिश की ज्यादा संभावना पूर्व बिहार में है। 22 मार्च के बाद से मौसम फिर सामान्य हो जाएगा।
किसानों को हो सकता है नुकसान
अभी मौसम में आए अचानक बदलाव का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ सकता है। दरअसल, ज्यादातर किसानों की फसल अभी खेत में ही है। इसमें तिलहन की फसल पक चुकी है। कुछ किसानों ने अगर खेत से फसल को कटवा भी लिया है तो भी वह खलियान में रखा हुआ है। ऐसे में इस बारिश से उनकी फसल को काफी नुकसान हो सकता है। साथ ही अगर बारिश के साथ ओले पड़ गए तो दलहन और तिलहन की फसल चौपट हो जाएगी।
खलियान में रखे फसल को डक दें किसान
कृषि विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार इस समय हर साल मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव देखने को मिलता है। ऐसे में किसानों को पके फसल को खेतों से कटाई करा कर खलियान में जल्द से जल्द रखवा देना चाहिए। साथ ही खलियान में रखी फसलों को अगर संभव हो तो ढक दें। इससे उस फसल में नमी की मात्रा नहीं बढ़ेगी। इससे उसे तैयारी कराने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी। नमी ज्यादा रहने से तैयारी कराने में भी कई तरह की परेशानी आती है। साथ ही ओले से सबसे ज्यादा सरसों को नुकसान होता है, उसे हर हाल में कटाई करवा लें।