बंगाल की खाड़ी के डीप डिप्रेशन से बदलेगा भागलपुर का मौसम; 23 और 24 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
Bihar Weather Update: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डीप डिप्रेशन के कारण भागलपुर सहित पूर्वी बिहार में मौसम बदल गया ...और पढ़ें

Bihar Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन! भागलपुर में 23 व 24 सितंबर को झमाझम बारिश के आसार, उमस से मिलेगी राहत
HighLights
बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन सक्रिय, मौसम में बदलाव।
भागलपुर में 23-24 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश।
बारिश से तापमान में गिरावट, उमस से मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Weather Update:दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से ठीक पहले बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुई नई मौसम प्रणाली का प्रभाव अब भागलपुर सहित समूचे पूर्वी बिहार में स्पष्ट दिखने लगा है। मंगलवार को दिनभर तीखी धूप और भारी उमस के बाद दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और गरज के साथ हल्की बारिश हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भागलपुर केंद्र के अनुसार शाम 5:30 बजे तक शहर में 5.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के बावजूद वातावरण में नमी का स्तर काफी ऊंचा बना रहा और अधिकतम आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अनुकूल समुद्री परिस्थितियों के चलते इसके इसी क्षेत्र में डीप डिप्रेशन में बदलने की पूरी संभावना है। यह वेदर सिस्टम 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की सुबह के बीच विशाखापत्तनम और गोपालपुर के मध्य उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट को पार कर सकता है।
निचले स्तर पर बढ़ेगी नमी, बादलों के विकास से होगी बारिश
इस शक्तिशाली मौसम प्रणाली के असर से बिहार, विशेष रूप से पूर्वी और दक्षिणी बिहार के निचले वायुमंडल में नमी का प्रवाह तेजी से बढ़ेगा। इसके साथ ही विभिन्न दिशाओं से आने वाली हवाओं के संगम (कन्वर्जेंस) की स्थिति उत्पन्न होगी।
इससे वातावरण में वर्टिकल क्लाउड्स (बारिश वाले बादलों) के तेजी से विकसित होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। भागलपुर जिले में बुधवार को सामान्यतः आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम फैक्ट फाइल: तापमान व पूर्वानुमान
अधिकतम तापमान: 35.1 डिग्री सेल्सियस।
न्यूनतम तापमान: 27.3 डिग्री सेल्सियस।
आर्द्रता (ह्यूमिडिटी): 92 प्रतिशत दर्ज।
मंगलवार को वर्षा: 5.0 मिलीमीटर (शाम 5:30 बजे तक)।
मौसम प्रणाली: बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन, जो 23 की रात से 24 सितंबर की सुबह विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच तट पार करेगा।
पूर्वानुमान: 23 और 24 सितंबर को भागलपुर सहित पूर्वी बिहार में बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर बारिश संभव।
23-24 सितंबर को बढ़ेगी बारिश की तीव्रता, तेज बौछारें संभव
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर के दौरान जिले में मौसमी गतिविधियों में और अधिक इजाफा होगा। इस 48 घंटे के अंतराल में भागलपुर जिले के अधिकांश ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर बादलों के सघन होने के कारण कुछ इलाकों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही तेज बारिश की स्थिति भी बन सकती है, जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी और उमस से निजात मिलेगी।
मानसून की विदाई से पहले बारिश का अंतिम सक्रिय दौर
बंगाल की खाड़ी में यह हलचल ऐसे समय में हुई है जब दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों से वापस लौट रहा है और बिहार से भी इसके विदा होने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले दो दिनों में होने वाली बारिश को इस सीजन में मानसून की विदाई से पहले के अंतिम सक्रिय स्पेल (दौर) के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बिहार से मानसून की आधिकारिक वापसी की घोषणा मौसम विभाग द्वारा बाद की वायुमंडलीय परिस्थितियों की सतत निगरानी के आधार पर ही की जाएगी।
