विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर विक्रमशिला सेतु समानांतर पुल की एप्रोच रोड बनेगी 4 लेन; NH 131B जमीन सीमांकन के लिए CO को पत्र जारी

Published: Sat, 12 Sep 2026 12:12 AM (GMT+05:30)

Bhagalpur Vikramshila Bridge Approach Road 4 Lane: भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहे नए विक्रमशिला महासेतु की पहुंच पथ ...और पढ़ें

Bhagalpur Vikramshila Bridge Approach Road 4 Lane:  विक्रमशिला सेतु के दोनों ओर बनेगी फोरलेन सड़क! नए पुल के साथ दौड़ेगी रफ्तार; जमीन सीमांकन के लिए CO को लिखा पत्र

Bhagalpur Vikramshila Bridge Approach Road 4 Lane:  विक्रमशिला सेतु के दोनों ओर बनेगी फोरलेन सड़क! नए पुल के साथ दौड़ेगी रफ्तार; जमीन सीमांकन के लिए CO को लिखा पत्र

HighLights

  1. नए विक्रमशिला सेतु की पहुंच पथ फोरलेन बनेगी।

  2. जगदीशपुर सीओ को जमीन मापी, सीमांकन का निर्देश।

  3. पुल खुलने से पहले सड़क तैयार करने का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा नदी पर वर्तमान विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए महासेतु के साथ ही उससे जुड़ने वाली पहुंच पथ (एप्रोच रोड) को भी फोरलेन बनाने की प्रशासनिक कसरत तेज हो गई है। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच) प्रमंडल, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता ने जगदीशपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) को आधिकारिक पत्र भेजकर प्रस्तावित फोरलेन सड़क के लिए सरकारी जमीन की मापी और सीमांकन कराने का निर्देश दिया है।

नवगछिया जीरोमाइल से लेकर भागलपुर के चौधरीडीह पेट्रोल पंप तक इस पूरी सड़क को चार लेन में तब्दील करने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) स्वीकृति के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पहले ही भेजी जा चुकी है।

  • गंगा पर निर्माणाधीन समानांतर विक्रमशिला सेतु की दोनों तरफ की पहुंच पथ (एप्रोच रोड) को दो लेन से बढ़ाकर किया जाएगा फोरलेन

  • नवगछिया जीरोमाइल (NH-31) से चौधरीडीह पेट्रोल पंप (NH-33) तक नवघोषित NH-131B के तहत तैयार की गई है परियोजना

  • विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजी गई; मंत्रालय के अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

  • NH प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने जगदीशपुर CO को पत्र भेजकर अमीन प्रतिनियुक्त कर राइट ऑफ वे (ROW) की जमीन का सीमांकन कराने को कहा

यह प्रस्तावित सड़क नवघोषित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 131बी (NH-131B) के तहत नवगछिया के समीप एनएच-31 के जंक्शन से शुरू होगी और नए विक्रमशिला सेतु से गुजरते हुए भागलपुर के पास एनएच-33 के जंक्शन में जाकर मिलेगी। कार्यपालक अभियंता द्वारा जारी पत्र में डिजाइन चेनेज 0.000 से 8.920 तथा 13.375 से 19.555 तक के हिस्से का स्पष्ट उल्लेख किया गया है।

पत्र के मुताबिक, भागलपुर बाइपास के चेनेज 139.440 पर गोपालपुर से विक्रमशिला सेतु तक रेलवे की जमीन का सीमांकन बेहद अहम है। यह जमीन पूर्व में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा अधिग्रहीत/क्रय की गई थी। अब प्रस्तावित फोरलेन सड़क के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) में उपलब्ध जमीन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए आधिकारिक प्रतिवेदन की आवश्यकता है। पुनरीक्षण सर्वेक्षण (रिवीजनल सर्वे) नक्शे के अनुसार, प्रस्तावित एलाइनमेंट में रेलवे की लगभग 50 मीटर जमीन उपलब्ध होने की बात सामने आई है।

नया पुल चालू होने से पहले सड़क तैयार करने का लक्ष्य

वर्तमान विक्रमशिला सेतु के जीर्ण-शीर्ण होने के कारण समानांतर नए फोरलेन सेतु का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। केंद्रीय मंत्रालय की मंशा है कि जैसे ही नए पुल का निर्माण कार्य पूरा हो, उससे पहले दोनों किनारों की फोरलेन एप्रोच रोड भी पूरी तरह बनकर तैयार हो जाए, ताकि पुल शुरू होते ही वाहनों को बॉटलनेक या जाम का सामना न करना पड़े।

डीपीआर की तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया के तहत केंद्रीय मंत्रालय के अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंता पहले ही प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों के निरीक्षण के उपरांत ही बिहार सरकार की जमीन का भौतिक सत्यापन व सीमांकन कराने का निर्देश जारी हुआ है।

अमीन की तैनाती कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल ने जगदीशपुर अंचलाधिकारी से अविलंब अमीन की प्रतिनियुक्ति करने को कहा है। अमीन सरकारी जमीन और सड़क के राइट ऑफ वे (ROW) की स्पष्ट मार्किंग करते हुए सीमांकन कार्य पूरा करेंगे और इसकी विस्तृत रिपोर्ट एनएच प्रमंडल को सौंपेंगे।

जमीन का सीमांकन पूरा होते ही मंत्रालय स्तर से निविदा (टेंडर) और वित्तीय आवंटन की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज होगी, जिससे भागलपुर और सीमांचल के बीच आवागमन पूरी तरह से निर्बाध और फर्राटेदार हो सकेगा।