अररिया के जोकीहाट की कमान संभालेगी भागलपुर टीम
भाजपा प्रदेश टीम ने जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय के नेतृत्व में पांच कार्यकर्ताओं को अररिया चुनाव में भेजा है।
भागलपुर। भागलपुर भाजपा की टीम अररिया के जोकीहाट विधानसभा की कमान संभालेगी। प्रदेश टीम ने जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय के नेतृत्व में पांच कार्यकर्ताओं को अररिया चुनाव में भेजा है। यह टीम नौ मार्च तक जोकीहाट में रहकर पार्टी के उम्मीदवार के लिए काम करेगी।
रविवार को अररिया में पार्टी प्रत्याशी प्रदीप सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं के साथ बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव बैठक करेंगे। बैठक में प्रभारी अलग-अलग जिम्मेदारी देंगे। जिला अध्यक्ष रोहित ने बताया कि जिला महामंत्री विजय कुशवाहा, मुकेश सिंह, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिनव कुमार और देवव्रत घोष अररिया लोकसभा क्षेत्र के जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र में रहकर पार्टी के लिए काम करेंगे।
अररिया में होली समाप्त होने के बाद चुनाव प्रचार तेज हो गया है। बिहार सरकार के मंत्री प्रेम कुमार को चुनाव का प्रभारी बनाया गया है। वहीं प्रचार में खनन मंत्री विनोद कुमार सिंह सहित कई मंत्री जा चुके हैं। दूसरे सहयोगी दल के मंत्री भी प्रचार में गए हैं। संगठन के महामंत्री राधा मोहन शर्मा भी वहां कैम्प कर रहे हैं।
बिहार भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के अलावा पड़ोसी जिले के विधायक और विधान पार्षदों को भी चुनाव प्रचार में लगाया गया है। पूर्व विधायक व पूर्व प्रत्याशी भी अलग-अलग विधानसभाओं में प्रचार की कमान संभाल रहे हैं।
मालूम हो कि अररिया लोकसभा उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रदीप सिंह और राजद के सरफराज आलम के बीच है। दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। बांका के सांसद जयप्रकाश नारायण यादव अररिया में कई सभा कर चुके हैं।