विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में 1196 शिक्षकों को आवंटित हुए नए विद्यालय: ई-शिक्षाकोष पर प्रोविजनल सूची जारी, 2 दिन में दर्ज कराएं आपत्ति

Published: Thu, 10 Sep 2026 06:20 PM (IST)

Bhagalpur Teacher Transfer List: भागलपुर में बिहार शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत 1196 शिक्षकों को नए विद्यालय आवंटित किए गए ...और पढ़ें

Bhagalpur Teacher Transfer List: भागलपुर में 1196 शिक्षकों का बदला स्कूल, समानुपातीकरण की औपबंधिक सूची जारी; 2 दिन में दर्ज कराएं आपत्ति

Bhagalpur Teacher Transfer List: भागलपुर में 1196 शिक्षकों का बदला स्कूल, समानुपातीकरण की औपबंधिक सूची जारी; 2 दिन में दर्ज कराएं आपत्ति

HighLights

  1. 1196 शिक्षकों को नए विद्यालय आवंटित किए गए।

  2. समानुपातीकरण के तहत औपबंधिक सूची जारी हुई।

  3. शिक्षक दो दिन में ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराएं।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Teacher Transfer List: जिले के सरकारी विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षकों के बहुप्रतीक्षित स्थानांतरण और विद्यालय पदस्थापन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ गई है। बिहार शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के अंतर्गत बुधवार को जिला स्थापना समिति की उच्चस्तरीय बैठक में शिक्षकों से प्राप्त स्थानांतरण आवेदनों पर विस्तृत मंथन किया गया।

जिलाधिकारी अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में समाहरणालय में आयोजित इस बैठक में समानुपातीकरण (रेशनेलाइजेशन) के प्रथम चरण के आवेदनों की गहन जांच-पड़ताल के उपरांत कुल 1,196 शिक्षकों के लिए नए विद्यालयों का निर्धारण करते हुए औपबंधिक (प्रोविजनल) सूची जारी कर दी गई है।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह आवंटन अभी पूरी तरह औपबंधिक है। संबंधित शिक्षक ई-शिक्षाकोष पोर्टल (e-Shikshakosh) पर अपनी व्यक्तिगत लॉगिन आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके यह जांच सकते हैं कि उन्हें प्रशासनिक रूप से किस विद्यालय में पदस्थापित किया गया है।

  • बिहार शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत भागलपुर जिला स्थापना समिति ने 1196 शिक्षकों को किया नया विद्यालय आवंटित

  • डीएम अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में समानुपातीकरण (रेशनेलाइजेशन) के प्रथम चरण के 1934 आवेदनों की हुई जांच

  • कक्षा 1 से 5 के 603, कक्षा 6 से 8 के 175, कक्षा 9 से 10 के नौ और कक्षा 11 से 12 के 249 शिक्षकों को मिला नया स्कूल

  • विद्यालय आवंटन फिलहाल औपबंधिक; ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दो दिनों के भीतर दर्ज कराई जा सकती है ऑनलाइन आपत्ति

स्थापना शाखा के आंकड़ों के अनुसार, जिले में विद्यालय परिवर्तन के लिए प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के विभिन्न संवर्गों से कुल 1,934 शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन समर्पित किए थे। इनमें वर्ग 1 से 5 के लिए 1,021, वर्ग 6 से 8 के लिए 194, वर्ग 9 से 10 के लिए 334 तथा उच्च माध्यमिक वर्ग 11 से 12 के लिए 385 शिक्षकों के आवेदन शामिल थे।

वर्गवार आवंटन का ब्योरा, प्राथमिक में सबसे अधिक फेरबदल

जिला स्थापना समिति द्वारा सभी आवेदनों, स्वीकृत पदों और छात्र-शिक्षक अनुपात (PTR) की वर्गवार व विषयवार पड़ताल के बाद कुल 1,196 शिक्षकों को स्कूल आवंटित किए गए। वर्गवार आंकड़ों पर नजर डालें तो प्राथमिक संवर्ग यानी वर्ग 1 से 5 के सर्वाधिक 603 शिक्षकों को नए विद्यालय दिए गए हैं।

इसी प्रकार मध्य विद्यालय संवर्ग (वर्ग 6 से 8) के 175 शिक्षकों का विद्यालय बदला गया है। माध्यमिक संवर्ग (वर्ग 9 से 10) में नौ शिक्षकों तथा उच्च माध्यमिक संवर्ग (वर्ग 11 से 12) के 249 शिक्षकों को भी औपबंधिक रूप से नए विद्यालयों का आवंटन किया गया है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस समानुपातीकरण का मुख्य उद्देश्य जिले के उन दूर-दराज और ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या को संतुलित करना है, जहां छात्र संख्या अधिक होने के बावजूद लंबे समय से शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई थी। इससे शैक्षणिक गुणवत्ता और पठन-पाठन की व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ होगी।

आवंटन पर दो दिन में दर्ज कराएं आपत्ति, फिर आएगी फाइनल लिस्ट

जिला प्रशासन ने शिक्षकों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए आपत्ति दर्ज कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। यदि किसी शिक्षक को आवंटित विद्यालय को लेकर कोई गंभीर आपत्ति, त्रुटि या व्यक्तिगत परेशानी है, तो वे आगामी दो दिनों के भीतर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी आपत्ति ऑनलाइन साक्ष्यों के साथ दर्ज करा सकते हैं।

निर्धारित 48 घंटे की समय-सीमा में पोर्टल पर प्राप्त होने वाली सभी आपत्तियों की जिला स्थापना समिति द्वारा बिंदुवार समीक्षा और भौतिक सत्यापन किया जाएगा। आपत्तियों के विधिवत निस्तारण के उपरांत ही शिक्षकों की अंतिम (फाइनल) पदस्थापन सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके आधार पर विरमन और योगदान की प्रक्रिया पूरी होगी।