दुर्गा पूजा, दिवाली व छठ पर भागलपुर से एक दर्जन ट्रेनें; दिल्ली, पुणे, मुंबई, मालदा, सूरत, बेंगलुरु, हरिद्वार रूट शामिल
Bhagalpur Festival Special Trains 2026: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ...और पढ़ें

Bhagalpur Festival Special Trains 2026: दिवाली-छठ पर कंफर्म टिकट का संकट होगा दूर! भागलपुर से दिल्ली-मुंबई के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें; देखें पूरा शेड्यूल
HighLights
त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की विशेष तैयारी।
भागलपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु रूट पर विशेष ट्रेनें चलेंगी।
यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलेंगे, दलालों से मुक्ति मिलेगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Festival Special Trains 2026: दुर्गा पूजा, दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ पर परदेस से घर लौटने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। विक्रमशिला एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनल (एलटीटी) एक्सप्रेस, अंग एक्सप्रेस और सूरत एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों में अभी से कंफर्म टिकटों के लिए मची मारामारी और 'नो रूम' (लंबी वेटिंग लिस्ट) को देखते हुए रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने की मुकम्मल तैयारी कर ली है।
पूर्व रेलवे मालदा मंडल की ओर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और सूरत जैसे प्रमुख रूटों पर दर्जनभर से अधिक विशेष ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है, जिसे जल्द ही हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। पूर्व रेलवे के प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर (पीसीसीएम) डॉ. उदय शंकर झा ने बताया कि त्योहारों के दौरान दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों से बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक होती है।
विक्रमशिला, एलटीटी और अंग एक्सप्रेस समेत नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए पूर्व रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों का भेजा प्रस्ताव
भागलपुर और मालदा टाउन से नई दिल्ली, आनंद विहार, मुंबई (सीएसएमटी), उधना, पुणे और बेंगलुरु के लिए चलेंगी विशेष ट्रेनें
भागलपुर-नई दिल्ली स्पेशल 3 से 28 नवंबर के बीच आठ फेरे लगाएगी; अधिकांश ट्रेनों में लगाए जाएंगे 22-22 आधुनिक कोच
पूर्व रेलवे के पीसीसीएम डॉ. उदय शंकर झा ने कहा- जरूरत और मांग के अनुसार त्योहारों पर बढ़ाई जा सकती है फेरों की संख्या
पिछले वर्ष भी मालदा-उधना, मालदा-आनंद विहार, भागलपुर-हरिद्वार, मालदा-पुणे और भागलपुर-नई दिल्ली स्पेशल सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनें चलाई गई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार यात्रियों के भारी दबाव को देखते हुए न केवल स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, बल्कि परिस्थितियों और टिकटों की मांग (ऑन-डिमांड) के आधार पर ट्रेनों की संख्या में और इजाफा किया जाएगा।
भागलपुर-नई दिल्ली स्पेशल लगाएगी 8 फेरे
भेजे गए आधिकारिक प्रस्ताव के अनुसार, भागलपुर-नई दिल्ली स्पेशल 3 नवंबर से 28 नवंबर के बीच कुल आठ ट्रिप चलाई जाएगी। यह ट्रेन सप्ताह में प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को रवाना होगी। 22 कोच वाली इस पूरी ट्रेन में एसी-2 व एसी-3 के अलावा 12 स्लीपर और 4 सामान्य (जनरल) कोच शामिल रहेंगे, जिससे आम यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
इसके अलावा, मालदा-भागलपुर स्पेशल ट्रेन 17 अक्टूबर से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को छह फेरों के लिए चलेगी। 22 कोच की इस रैक में एसी-2, एसी-3 के साथ छह स्लीपर और चार जनरल डिब्बे जोड़े जाएंगे।
मुंबई, पुणे और बेंगलुरु के लिए भी चलेंगी गाड़ियां
महानगरों से आने वाले प्रवासियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित अन्य प्रमुख ट्रेनों की समय-सारणी इस प्रकार है:
मालदा-सीएसएमटी (मुंबई) स्पेशल: 17 अक्टूबर से 28 नवंबर के बीच सप्ताह में प्रत्येक शनिवार व मंगलवार को चलेगी। इसमें 11 स्लीपर, 4 जनरल व एसी कोच होंगे।
मालदा-उधना (सूरत) स्पेशल: 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक सप्ताह में प्रत्येक शनिवार व बुधवार को पटरी पर दौड़ेगी।
मालदा-आनंद विहार स्पेशल: 16 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच सप्ताह में सोमवार और शुक्रवार को चलेगी।
मालदा-बेंगलुरु स्पेशल: 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक शनिवार व मंगलवार को चलेगी। इसमें 9 स्लीपर, 4 जनरल और एसी कोच रहेंगे।
मालदा-पुणे स्पेशल: 6 नवंबर से 27 नवंबर के बीच प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार को संचालित होगी। 22 कोच वाली इस ट्रेन में 11 स्लीपर बोगियां रहेंगी।
इन स्पेशल ट्रेनों के पटरी पर उतरने से यात्रियों को सीट के लिए दलालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और वे आसानी से अपने घर पहुंचकर परिवार संग छठ और दिवाली का पर्व मना सकेंगे।
