भागलपुर के कोतवाली चौक पर ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम में भीषण आग; तीन घंटे तक ट्रैफिक रोककर दमकल ने पाया काबू
Bhagalpur Kotwali Chowk Fire: भागलपुर के कोतवाली चौक स्थित एक ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लग गई, जिससे ...और पढ़ें

Bhagalpur Kotwali Chowk Fire: आग को बुझाते दमकलकर्मी।
HighLights
कोतवाली चौक पर ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम में आग लगी।
दमकल ने तीन घंटे में यातायात रोककर आग बुझाई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, भारी नुकसान का दावा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Kotwali Chowk Fire: शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शुमार कोतवाली चौक के समीप शनिवार की सुबह एक ब्रांडेड कपड़ों के बड़े शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह के समय शोरूम के भीतर से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता देख आसपास के दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों के बीच भारी अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी।
यातायात पुलिस ने रोकी आवाजाही, तब दमकल ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल गाड़ियों के साथ अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। हालांकि, कोतवाली चौक पर सड़क संकरी होने और वाहनों व तमाशबीनों की भारी आवाजाही के कारण दमकलकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य चलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात थाने की पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और शोरूम के दोनों ओर मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया। रूट क्लीयर होने के बाद अग्निशमन कर्मियों ने बिना किसी बाधा के चारों तरफ से पानी की तेज बौछारें शुरू कीं और काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से रोकते हुए उस पर पूरी तरह काबू पा लिया।
-1792871190601.webp)
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका, भारी नुकसान का दावा
आग बुझने के बाद अग्निशमन विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम शोरूम के भीतर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक तकनीकी जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी, जिसने तेजी से कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया।
शोरूम संचालक ने इस आगलगी की घटना में भारी मात्रा में ब्रांडेड वस्त्रों और इंटीरियर के जलकर खाक होने तथा बड़े आर्थिक नुकसान का दावा किया है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी नुकसान के वास्तविक आंकड़े और आग लगने के सटीक कारणों का आकलन करने में जुटे हैं।
