भागलपुर की संचिता बसु ने OTT पर मचाया धमाल, 'ठुकरा के मेरा प्यार 2' ने जीते 40 मिलियन दिल
भागलपुर की अभिनेत्री संचिता बसु अपनी वेब सीरीज 'ठुकरा के मेरा प्यार 2' की सफलता से चर्चा में हैं, जिसे जियो हॉटस्टार पर 40 मिलियन दर्शकों ने देखा है।s

भागलपुर की संचिता बसु ने OTT पर मचाया धमाल, 'ठुकरा के मेरा प्यार 2' ने जीते 40 मिलियन दिल
HighLights
संचिता बसु की वेब सीरीज 'ठुकरा के मेरा प्यार 2' सफल।
जियो हॉटस्टार पर 40 मिलियन दर्शकों तक पहुंची सीरीज।
बिहार की कहानियों पर काम करने की जताई इच्छा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। ओटीटी पर अपनी पहचान बना चुकीं भागलपुर की अभिनेत्री संचिता बसु इन दिनों वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार 2’ की सफलता को लेकर चर्चा में हैं।
जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई सीरीज के दूसरे सीजन के 50 एपिसोड पूरे हो चुके हैं और इसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। बुधवार को भागलपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में संचिता ने अपनी सफलता से लेकर भविष्य के सपनों तक कई बातें साझा कीं।

सीरीज को करीब 40 मिलियन दर्शकों तक पहुंचने की बात बताते हुए संचिता ने कहा कि दर्शकों का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। सोशल मीडिया पर भी सीरीज को लेकर खूब चर्चा है और बड़ी संख्या में रील बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीजन-1 की सफलता के बाद सीजन-2 के लिए दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं, जिसे पूरी टीम ने अपनी मेहनत से पूरा करने की कोशिश की।
अपनी मिट्टी की कहानी जीने की ख्वाहिश
बिहार में बनने वाली फिल्मों और वेब सीरीज में काम करने को लेकर संचिता ने कहा कि अगर किसी फिल्म में बिहार की कहानी और किरदार को निभाने का मौका मिला तो वह इसे अपना सौभाग्य मानेंगी।
उन्होंने कहा कि बिहार सिर्फ उनकी जन्मभूमि नहीं, बल्कि उनकी पहचान का भी हिस्सा है। यहां की संस्कृति, भाषा, संघर्ष और लोगों की जिंदगी में ऐसी कई कहानियां हैं, जिन्हें पर्दे पर दिखाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वह चाहेंगी कि बिहार की पृष्ठभूमि पर बनने वाले किसी अच्छे प्रोजेक्ट में उन्हें भी काम करने का अवसर मिले। उनके लिए यह केवल एक अभिनय का मौका नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी और लोगों की कहानी को पर्दे पर जीने जैसा होगा।
वहीं ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ के तीसरे सीजन को लेकर संचिता ने फिलहाल रहस्य बनाए रखा। उन्होंने कहा कि अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। नए प्रोजेक्ट को लेकर भी उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही प्रशंसकों को बड़ी खुशखबरी मिल सकती है।
बातचीत के दौरान अपने क्रश के सवाल पर उन्होंने सलमान खान का नाम लिया और कहा कि मौका मिला तो उनके साथ पर्दे पर काम करना चाहेंगी।
