भागलपुर में भीषण सड़क हादसा, बस और पिकअप की टक्कर में 4 की मौत और 17 घायल
पुलिस जिला नवगछिया के झंडापुर थानाक्षेत्र में एनएच-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो ...और पढ़ें

HighLights
एनएच-31 पर बस-पिकअप-टोटो की भीषण टक्कर हुई।
हादसे में चार लोगों की मौत, सत्रह घायल हुए।
मृतकों में तीन मजदूर और एक बच्चा शामिल हैं।
संवाद सूत्र, बिहपुर (भागलपुर)। पुलिस जिला नवगछिया के झंडापुर थानाक्षेत्र में एनएच-31 पर दयालपुर व बगड़ी रेलवे ओवरब्रिज के बीच मंगलवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बगड़ी के समीप एक ईंट भट्ठा से करीब 17 मजदूर पिकअप वैन से झंडापुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बिहपुर से नवगछिया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को सीधी टक्कर मार दी। पिकअप सवार लोग सड़क पर जहां-तहां गिर पड़े।
इसी दौरान नवछिया की ओर से एक ही परिवार के चार सदस्यों को लेकर आ रहा टोटो भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकराकर पलट गया। इन हादसों में घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए बिहपुर सीएचसी पहुंचाया।
जहां से गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मृतकों में तीन ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर थे। आटो पर खगड़िया जिले के मांड़र निवासी परिवार के चार सदस्य थे, जिनमें से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि मां और छोटा भाई घायल हो गए।
इधर, बिहपुर सीएचसी में चारों शवों की पहचान कटिहार जिले के समेली निवासी अरविंद मंडल (32), झांडापुर के बुचो रविदास की 42 वर्षीय पत्नी, खगड़िया जिले के मांड़र निवासी ज्योतिष मंडल का पुत्र कुणाल कुमार (11) के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
वैन दुर्घटना के घायलों में कटिहार जिले के समेली निवासी राहुल कुमार, चंदन कुमार, संतोष कुमार, विजय कुमार, सिकंदर कुमार, राजीव कुमार, सोनू कुमार, मिठ्ठू कुमार, राजेश कुमार, मनोज कुमार, पवन कुमार, टुनटुन दास, महेश शर्मा, बिहपुर के मुरारी ठाकुर व दो महिलाएं कल्पना देवी, शीला देवी आदि शामिल हैं।
यहां देखें हादसे से जुड़ी तस्वीरें-




