विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर: राघोपुर जमींदारी बांध पर फिर बढ़ा कटाव का खतरा, कई जगह होने लगा है रिसाव

Published: Fri, 28 Aug 2026 02:58 PM (IST)

गंगा की तेज धारा के कारण महादेवपुर घाट के पास राघोपुर जमींदारी बांध पर कटाव का खतरा बढ़ गया है, जिससे कई जगहों पर रिसाव शुरू हो गया है।

भागलपुर: राघोपुर जमींदारी बांध पर फिर बढ़ा कटाव का खतरा, कई जगह होने लगा है रिसाव

भागलपुर: राघोपुर जमींदारी बांध पर फिर बढ़ा कटाव का खतरा, कई जगह होने लगा है रिसाव

HighLights

  1. महादेवपुर घाट के पास जमींदारी बांध पर कटाव बढ़ा।

  2. गंगा की तेज धारा से बांध पर लगातार दबाव।

  3. ग्रामीणों ने तत्काल कटावरोधी कार्य की मांग की।

संवाद सूत्र, खरीक। महादेवपुर घाट के समीप गंगा की मुख्य धारा ब्रह्मबाबा स्थान के सामने से राघोपुर की दिशा में बढ़ रही है। तेज बहाव के कारण जमींदारी बांध पर लगातार दबाव बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले जिस स्थान पर करीब 30 मीटर तक कटाव हुआ था, उसका असर अब काफी बड़े हिस्से तक फैल गया है।

बांध के करीब 200 मीटर क्षेत्र में कटाव और धसान का दबाव बताया जा रहा है। हाल की रिपोर्टों में काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल तटबंध का करीब 30 मीटर हिस्सा कटने और इसके बाद 20 मीटर क्षेत्र में नए कटाव की पुष्टि हुई है। जल संसाधन विभाग की टीम करीब 120 मीटर के संवेदनशील हिस्से को सुरक्षित करने में जुटी है।

ग्रामीणों का कहना है कि महादेवपुर घाट के समीप गंगा का दबाव इसी तरह बना रहा तो राघोपुर तटबंध से जुड़े रेलवे बांध का कमजोर हिस्सा भी खतरे में पड़ सकता है। लोगों ने संवेदनशील हिस्सों की लगातार निगरानी और कटावरोधी कार्य तेज करने की मांग की है।

2004 की बाढ़ में हुई थी भारी तबाही

वर्ष 2004-05 की बाढ़ में खैरपुर, काजीकोरैया, लोदीपुर और राघोपुर समेत आसपास के गांवों में करीब 30 हजार लोग प्रभावित हुए थे। बाढ़ और कटाव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। मौजूदा कटाव को देखकर लोगों को उसी तरह की स्थिति दोबारा बनने की आशंका सता रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से संवेदनशील हिस्सों का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने तथा कटावरोधी कार्य युद्धस्तर पर तेज करने की मांग की है।