विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर के पनसल्ला में लहलहाएगा जर्दालु आम, बीएयू सबौर ने बनाया अंगीकृत ग्राम, किसानों को दिए गए उन्नत पौधे

Published: Sun, 25 Oct 2026 01:25 AM (IST)

Bhagalpur Jardalu Mango Pansalla Village BAU Sabour: भागलपुर के पनसल्ला गांव को बीएयू सबौर ने 'जर्दालु आम अंगीकृत ग्राम' घोषित ...और पढ़ें

Bhagalpur Jardalu Mango Pansalla Village BAU Sabour: भागलपुरी जर्दालु आम की खेती पर चर्चा।

Bhagalpur Jardalu Mango Pansalla Village BAU Sabour: भागलपुरी जर्दालु आम की खेती पर चर्चा।

HighLights

  1. पनसल्ला गांव 'जर्दालु आम अंगीकृत ग्राम' घोषित।

  2. बीएयू सबौर ने किसानों को दिए उन्नत पौधे।

  3. वैज्ञानिक तकनीक से आम की खेती पर जोर।

संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। Bhagalpur Jardalu Mango Pansalla Village BAU Sabour: अपनी मनमोहक सुगंध और अनूठे स्वाद के लिए देश-विदेश में विख्यात भागलपुरी जर्दालु आम की खेती अब अजगैवीनाथ धाम प्रखंड के किसानों की किस्मत संवारेगी। किसानों की आय दोगुनी करने और क्षेत्र में बागवानी को व्यावसायिक रूप देने के उद्देश्य से कटहरा पंचायत अंतर्गत पनसल्ला गांव को 'जर्दालु आम अंगीकृत ग्राम' के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी पहल शुरू की गई है।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के तत्वावधान में उन्नत भारत अभियान के तहत पनसल्ला गांव में एक दिवसीय विशेष किसान कार्यशाला व पौध वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों किसानों को वैज्ञानिक तकनीक से आम की बागवानी करने, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन बढ़ाने और बाजार से सीधा मुनाफा कमाने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, बीएयू सबौर के कुलसचिव डॉ. मिजानुल हक, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. आरके सोहानी, जैन एग्रीकल्चर के प्रतिनिधि संजय कुमार और निदेशक प्रशासन राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया।

वैज्ञानिक तकनीक से बदलेगी किसानों की तकदीर

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. करुणा कुमारी ने कहा कि भागलपुर का जर्दालु आम अपनी विशिष्ट सुगंध और मिठास के कारण राष्ट्रीय फलक पर अलग पहचान रखता है। इसके उत्पादन का दायरा बढ़ाने और छोटे-सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ही पनसल्ला गांव का चयन किया गया है। विश्वविद्यालय की इस पहल से अब सीधे प्रयोगशाला की उन्नत तकनीक किसानों के खेतों तक पहुंचेगी, जिससे कम लागत में बेहतर पैदावार संभव होगी।

वहीं, भागलपुरी जर्दालु आम उत्पादक संघ के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि पनसल्ला को मॉडल विलेज बनाए जाने से क्षेत्र के आम उत्पादकों को सीधा संबल मिलेगा और भागलपुर के आम की साख और मजबूत होगी।

'लोकल टू ग्लोबल' बनेगा भागलपुरी जर्दालु: विधायक

मुख्य अतिथि विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने कहा कि भागलपुर का जर्दालु आम समूचे अंग क्षेत्र का गौरव है। वर्षों से यहां का जर्दालु आम विशिष्ट सौगात के रूप में देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री को भेजा जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पनसल्ला गांव को केंद्र बनाकर शुरू किया गया यह प्रयास क्षेत्र के युवाओं और किसानों के लिए नई समृद्धि के द्वार खोलेगा।

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने 'वोकल फॉर लोकल' और 'लोकल टू ग्लोबल' की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि यदि किसान वैज्ञानिक देखरेख, समय पर छंटाई और जैविक पोषण पर ध्यान दें, तो यहां का जर्दालु अंतरराष्ट्रीय निर्यात बाजार में भी अपनी धाक जमा सकता है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।