Bihar Government: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए खुल गया पोर्टल, जल्द से जल्द करें अप्लाई
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के प्रचार के लिए मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने प्रचार वाहनों को रवाना किया। इसका उद्देश्य शहरी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है जिसके लिए उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी। योजना के बारे में जानकारी देने के लिए नगर निगम के सभी वार्डों में प्रचार किया जाएगा ताकि महिलाएं उद्यमशीलता के लिए प्रेरित हो सकें और योजना का लाभ उठा सकें।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहरी क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने की तैयारी जारी है। मंगलवार को मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने इसके प्रचार प्रसार के लिए नगर निगम परिसर से चार विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन नगर निगम के सभी 51 वार्डों में घूमकर महिलाओं को इस महत्वपूर्ण योजना की जानकारी देंगे।
इस अवसर पर मेयर ने कहा कि यह योजना महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रचार वाहन के माध्यम से महिलाओं को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज की प्रतिलिपि और संबंधित सरकारी कार्यालयों की जानकारी दी जाएगी।
लक्ष्य और उद्देश्य
मेयर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य उन महिलाओं तक पहुंचना है जो जानकारी के अभाव में योजना का लाभ नहीं उठा पा रही हैं। यह प्रचार अभियान घर-घर जाकर महिलाओं को उद्यमशीलता के लिए प्रेरित करेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करेगा। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि समाज में उनकी भागीदारी और भूमिका भी मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री रोजगार योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्र में कमजोर वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। 10 सितंबर से पोर्टल खुल गया है। नगर निगम में इसके लिए हेल्प डेस्क बनाया गया है। वहीं, वार्ड स्तर पर निगम द्वारा शिविर लगाकर योजना का लाभ दिया जाएगा।
इस योजना से रोजगार करने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये भेजे जाएंगे। उससे वे रोजगार कर आत्मनिर्भर बनेंगी। इस मौके पर नगर आयुक्त शुभम कुमार व डिप्टी मेयर डॉ. सलाहउद्दीन अहसन आदि मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।