बेबी हत्याकांड भागलपुर : दो आरोपित गिरफ्तार, आर्मी जवान पति पर हत्या का आरोप, दोनों की हुई थी प्रेम विवाह
बेबी हत्याकांड भागलपुर मुख्य हत्यारोपित की तलाश में की जा रही छापेमारी। खरीक थानाक्षेत्र के काजी कोरैया गांव की रहने वाली थी महिला। कस्टिकरी-करहरिया मुख्य मार्ग पर बनझोलिया के समीप हुई थी हत्या। आर्मी जवान से बेबी की हुई थी प्रेम विवाह।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बेबी हत्याकांड भागलपुर : खरीक थानाक्षेत्र के काजी कोरैया गांव निवासी बेबी कुमारी की हत्या मामले में बाथ पुलिस ने दो आरोपितों मिथिलेश व गौरव को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे न्यायिक हिरासत भागलपुर भेज दिया गया। मुख्य हत्यारोपित राजू साह और झांको साह अब तक फरार है।
इस मामले में मृतक बेबी के पिता ने बाथ थाना में ऊंचागांव निवासी बेबी के प्रेमी पति आर्मी जवान राजू कुमार उर्फ गुरुदेव साह, भैसूर मिथिलेश साह, देवर गौरव कुमार, झांको साह एवं दो-तीन अज्ञात को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
विदित हो कि कस्टिकरी-करहरिया मुख्य मार्ग पर बनझोलिया के समीप शुक्रवार की सुबह बदमाशों ने महिला की आंख और कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महिला की पहचान नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र के काजी कोरैया गांव निवासी सुकलदेव मंडल की 21 वर्षीय पुत्री बेबी कुमारी के रूप में हुई थी।
तीन आरोपित गिरफ्तार
बिहपुर। मारपीट के आरोप में फरार चल रहे तीन आरोपियों को खरीक पुलिस ने शनिवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मिरजाफरी निवासी चंद्रमलेश्वर कुमार भारती उर्फ चंदू, राजेश कुमार व धर्मेन्द्र कुमार शामिल है। तीनों को पुलिस अभिरक्षा में रविवार को जेल भेज दिया गया।
फरार चल रहा दो आरोपित गिरफ्तार
बिहपुर। शराब एवं शराब बनाने के उपकरण बरामदगी मामले में फरार चल रहे खरीक बाजार गोल चौक निवासी आरोपी भीम ऋषिदेव एवं फोटो ऋषिदेव को खरीक पुलिस ने शनिवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। जिसे पुलिस अभिरक्षा में रविवार को जेल भेज दिया।यह जानकारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने दी।
मुंदीचक से देसी-विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर। मुंदीचक जोखी साह लेन स्थित संतोष चौधरी के घर में रविवार को छापेमारी कर तिलकामांझी पुलिस ने देसी और विदेशी शराब बरामद किया है। दो लीटर देसी शराब तथा विदेशी शराब की पांच बोतलें व एक केन बीयर बरामद किया है। शराब तस्करी के आरोप में संतोष चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के बयान पर तिलकामांझी ओपी में संतोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। ओपी प्रभारी महेश कुमार ने कहा कि पूछताछ के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया।