विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सैंडिस कंपाउंड में बनेगा नया स्वीमिंग पूल! 59.60 लाख का टेंडर जारी, भागलपुर में बच्चों को मिलेगी सुरक्षित तैराकी

Published: Wed, 16 Sep 2026 04:29 PM (IST)

Bhagalpur Smart City Sandis Compound Swimming Pool Tender: भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में बच्चों और नौसिखिए तैराकों के लिए 59.60 ...और पढ़ें

Bhagalpur Smart City Sandis Compound Swimming Pool Tender: भागलपुर सैंडिस कंपाउंड में 59.60 लाख से बनेगा छोटा स्वीमिंग पूल; बच्चों को मिलेगा प्रशिक्षण, नया ई-टेंडर जारी

Bhagalpur Smart City Sandis Compound Swimming Pool Tender: भागलपुर सैंडिस कंपाउंड में 59.60 लाख से बनेगा छोटा स्वीमिंग पूल; बच्चों को मिलेगा प्रशिक्षण, नया ई-टेंडर जारी

HighLights

  1. सैंडिस कंपाउंड में 59.60 लाख रुपये का नया छोटा स्वीमिंग पूल।

  2. छोटे बच्चों और नौसिखियों को सुरक्षित बुनियादी तैराकी प्रशिक्षण मिलेगा।

  3. 50 मीटर पूल अब केवल उन्नत तैराकों और प्रतियोगिताओं के लिए।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Smart City Sandis Compound Swimming Pool Tender: स्मार्ट सिटी योजना के तहत खेल सुविधाओं को विस्तार देते हुए सैंडिस कंपाउंड स्थित स्वीमिंग पूल परिसर में अब एक नया छोटा स्वीमिंग पूल बनाया जाएगा। भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (बीएससीएल) ने इसके निर्माण के लिए 59.60 लाख रुपये की अनुमानित लागत से नए सिरे से ई-निविदा (टेंडर) आमंत्रित की है। इस नए पूल के बन जाने से खासकर छोटे बच्चों और तैराकी की शुरुआत करने वाले नौसिखिए तैराकों को सुरक्षित वातावरण में बुनियादी प्रशिक्षण देने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

वर्तमान में सैंडिस कंपाउंड में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 50 मीटर लंबा मुख्य स्वीमिंग पूल संचालित है। इस बड़े पूल की गहराई लगभग पांच फीट है। अधिक गहराई होने के चलते छोटे बच्चों और नए शिक्षार्थियों को पानी में उतारने और बुनियादी अभ्यास कराने में प्रशिक्षकों (कोच) को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

  • भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने सैंडिस कंपाउंड में छोटा स्वीमिंग पूल बनाने के लिए 59.60 लाख रुपये का जारी किया नया ई-टेंडर

  • वर्तमान 50 मीटर अंतरराष्ट्रीय पूल की 5 फीट गहराई के कारण नौसिखियों व बच्चों को अभ्यास में आ रही थी दिक्कत

  • नया पूल बनने के बाद बच्चों को सुरक्षित बुनियादी प्रशिक्षण और 50 मीटर पूल में एडवांस तैराकी व प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी

  • टेंडर भरने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर रात 11 बजे, 29 अक्टूबर दोपहर 2:30 बजे खोली जाएगी तकनीकी व वित्तीय बोली

इसी सुरक्षा और तकनीकी पहलू को ध्यान में रखते हुए खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों द्वारा लंबे समय से एक छोटे और कम गहराई वाले प्रशिक्षण पूल की मांग की जा रही थी। नया पूल तैयार होने के बाद कोच बच्चों को पानी का भय दूर करने, फ्लोटिंग और विभिन्न तैराकी तकनीकों का अभ्यास पूरी सुरक्षा के साथ करा सकेंगे। बुनियादी अभ्यास में दक्ष होने के बाद बच्चों को 50 मीटर वाले मुख्य पूल में उन्नत (एडवांस) प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।

पहले की निविदा रद होने के बाद निकला नया ई-टेंडर

उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा इस निर्माण कार्य सहित चार अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए पूर्व में भी निविदा जारी की गई थी, लेकिन कतिपय तकनीकी कारणों से उसे रद्द कर दिया गया था। अब प्रक्रिया को गति देते हुए नए सिरे से ई-टेंडर जारी किया गया है। नए स्वीमिंग पूल के निर्माण की कुल अनुमानित प्राक्कलित राशि 59 लाख 60 हजार 761 रुपये (जीएसटी व अन्य करों सहित) निर्धारित की गई है।

निविदा में भाग लेने वाली इच्छुक एजेंसियों के लिए 1.19 लाख रुपये की अग्रधन राशि (ईएमडी) और 10 हजार रुपये का टेंडर दस्तावेज शुल्क तय किया गया है। स्मार्ट सिटी के अनुसार, ऑनलाइन निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर की रात 11:00 बजे तक निर्धारित है, जबकि प्राप्त तकनीकी बोलियों को 29 अक्टूबर की दोपहर 2:30 बजे खोला जाएगा।

दो स्तरों पर बंटेगा तैराकी का प्रशिक्षण ढांचा

परिसर में नया पूल बनने के बाद सैंडिस कंपाउंड में तैराकी प्रशिक्षण की पूरी कार्यप्रणाली दो अलग-अलग स्तरों पर संचालित होगी। 50 मीटर वाले बड़े पूल को केवल जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और वरिष्ठ तैराकों के पेशेवर अभ्यास के लिए आरक्षित रखा जा सकेगा। वहीं, नया छोटा पूल केवल शुरुआती तैराकों के लिए समर्पित रहेगा। इससे न केवल बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी, बल्कि भविष्य में भागलपुर से राज्य व राष्ट्रीय स्तर के तैराक तैयार करने में भी मदद मिलेगी।