बॉलीवुड और OTT को भाएगा भागलपुर! विक्रमशिला से बटेश्वर तक होगी फिल्मों की शूटिंग, वेबसाइट पर दिखेंगे खूबसूरत नजारे
Bhagalpur Film Shooting Locations: भागलपुर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता अब फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करेगी। कला-संस्कृति विभाग ...और पढ़ें

Bhagalpur Film Shooting Locations: भागलपुर का पर्यटन स्थल (बटेश्वर स्थान कहलगांव)
HighLights
भागलपुर के ऐतिहासिक स्थल बनेंगे फिल्म शूटिंग लोकेशन।
कला-संस्कृति विभाग कर रहा है स्थलों का डिजिटल संग्रह।
स्थानीय कलाकारों और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा संबल।
अभिषेक प्रकाश, भागलपुर। Bhagalpur Film Shooting Locations: भागलपुर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, सदियों पुराने धार्मिक स्थल, खूबसूरत पहाड़ियां और गंगा का विहंगम दियारा क्षेत्र अब सिनेमा और मनोरंजन जगत के फिल्मकारों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और मनोरम प्राकृतिक नजारों को बेहतरीन 'फिल्म शूटिंग लोकेशन' के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए कला-संस्कृति विभाग ने बड़ी कवायद शुरू कर दी है।
बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की विशेष पहल पर राज्य भर के जिलों से शूटिंग के लिए उपयुक्त स्थलों का वीडियो और फोटोग्राफिक डिजिटल संग्रह तैयार किया जा रहा है। इन सभी वीडियो को निगम और कला-संस्कृति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा, ताकि मुंबई व अन्य फिल्म उद्योग के बड़े निर्माता-निर्देशकों को बिहार में अपनी आगामी फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की शूटिंग के लिए एक ही जगह पर मुकम्मल लोकेशन मिल सके।
-1792904957269.webp)
विक्रमशिला से अजगैवीनाथ तक एक दर्जन से अधिक स्थल चिन्हित
भागलपुर जिले में फिल्मांकन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रारंभिक तौर पर बटेश्वर स्थान, तीन पहाड़, गंगा का विस्तृत दियारा, ऐतिहासिक बूढ़ानाथ मंदिर, तिलहाकोठी, भ्रमरपुर दुर्गा मंदिर, कर्णगढ़ मंदिर, प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय के भग्नावशेष, चंपानगर, सुलतानगंज के अजगैवीनाथ धाम का मुरली पहाड़ और शाहकुंड का पहाड़ी क्षेत्र इस सूची में प्रमुखता से शामिल किए गए हैं।
-1792905184561.webp)
ऐतिहासिक व पुरातात्विक स्थल: प्राचीन विक्रमशिला महाविहार (विश्वविद्यालय के अवशेष), कर्णगढ़ मंदिर, चंपानगर।
धार्मिक व आध्यात्मिक धरोहर: बाबा बूढ़ानाथ मंदिर, सुलतानगंज अजगैवीनाथ धाम का मुरली पहाड़, भ्रमरपुर दुर्गा मंदिर, बटेश्वर स्थान।
प्राकृतिक व मनोरम दृश्य: गंगा नदी का विहंगम दियारा क्षेत्र, तीन पहाड़, शाहकुंड पहाड़ी इलाका और ऐतिहासिक तिलहाकोठी।
प्रशासनिक पहल: विभागीय इंटरनेट मीडिया टीम द्वारा कैमरा व आधुनिक लेंस से वीडियो शूटिंग कर डिजिटल संग्रह तैयार किया जाएगा।
अपेक्षित लाभ: होटल, परिवहन, स्थानीय खान-पान, पर्यटन कारोबार में उछाल और स्थानीय प्रतिभाओं को सिनेमा उद्योग में मंच।
-1792905489131.webp)
विभागीय स्तर पर हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सोशल और इंटरनेट मीडिया टीम को जिलों के ऐसे विहंगम स्थलों का पेशेवर वीडियो शूट करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए हाई-एंड कैमरा, आधुनिक लेंस और आवश्यक तकनीकी उपकरण खरीदे जा रहे हैं, जिससे इन धरोहरों की ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक भव्यता को तकनीकी रूप से बेहतरीन तरीके से पेश किया जा सके।
-1792905055409.webp)
फिल्मों और OTT से स्थानीय युवाओं व कलाकारों को मिलेंगे रोजगार
जिले में फिल्म शूटिंग की संभावनाएं मजबूत होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को बड़ा संबल मिलेगा। न केवल हिंदी और क्षेत्रीय (अंगिका, भोजपुरी व मैथिली) फिल्में, बल्कि तेजी से उभरते ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स के लिए बनने वाली वेब सीरीज और संगीत एल्बमों के लिए भी शूटिंग के नए रास्ते खुलेंगे।
-1792905643893.webp)
शूटिंग की गतिविधियां बढ़ने से जिले के स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, कैमरामैन, मेकअप आर्टिस्ट और बैकग्राउंड सहयोगियों को स्थानीय स्तर पर नियमित काम मिल सकेगा। इसके साथ ही फिल्म निर्माण से जुड़ी बाहरी यूनिटों के लगातार आगमन से स्थानीय होटल कारोबार, कैब व परिवहन व्यवसाय, खान-पान उद्योग और क्षेत्रीय पर्यटन को भी सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा।
