बेशर्मी पर उतर आया नगर निगम, भागलपुर के बाइपास सड़क पर गिरा रहा कचरा
भागलपुर नगर निगम बाइपास सड़क पर शहर का कचरा गिरा रहा नगर निगम। चंपानगर से टॉल प्लाजा के बीच कई जगह कचरे का लगा है ढेर। निगम की गैरजिम्मेदाराना रवैये से शहर में प्रवेश करते ही लोगों को बदबू का करना पड़ रहा सामना।
भागलपुर, जेएनएन। नगर निगम बेशर्मी पर उतर आया है। तमाम हिदायतों के बाद भी स्थाई बाइपास को कचरा डंपिंग यार्ड बना दिया है। नगर निगम यह भी नहीं सोचता है कि बाहर से आ रहे लोग रेशमी शहर के बारे में क्या धारणा बना रहे होंगे।
हर ओर दुर्गंध से परेशानी हो रही
दुर्गंध से परेशान आसपास के लोग कचरे के ढेर में आग लगा रहे हैं। कचरे के ढेर से उठने वाले जहरीला धुआं वातावरण में जहर घोल रहा है। यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो रहा है। एक ओर सरकार पर्यावरण और स्वच्छता पर बल दे रही है। दूसरी ओर, इस पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। रेशमी शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की कवायद चल रही है, लेकिन नगर निगम की गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण इस पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
कनकैथी गांव के पास होनी है कचरे की डंपिंग
पिछले कई दिनों से नगर निगम शहर के एकत्र कचरे को चंपानगर और टॉल प्लाजा के बीच बाइपास सड़क पर गिरा रहा है। जबकि जगदीशपुर प्रखंड के कनकैथी गांव के पास कचरा की डंपिंग होनी है। महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जिला प्रशासन के निर्देशों को भी निगम कर्मी नहीं मान रहे हैं। निगम के कर्मियों को कनकैथी में निर्धारित डंपिंग स्थल में ही कचरा गिराने का निर्देश दिए जाने के बाद भी बाइपास सड़क पर कचरा डंपिंग का सिलसिला जारी है।
700 से 800 टन कचरा का लगा है ढेर
700 से 800 टन कचरा का ढेर लग गया है। निर्माण एजेंसी जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट और एनएच विभाग के अधिकारियों का कहना है कचरा डंपिंग की वजह से पर्यावरण दूषित होने के साथ ही सड़क किनारे लगाए गए पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा है। कचरे के ढेर से बदबू फैल रही है। बाइपास से गुजरने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।