विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर : कजरैली में कर्मा-धर्मा के लिए निकलीं दो बच्चियों के शव केलापुर बहियार में, इलाके में सनसनी; FSL ने की जांच

Published: Mon, 21 Sep 2026 10:04 AM (IST)

Bhagalpur Kajraili Crime News: भागलपुर के कजरैली थाना क्षेत्र में कर्मा-धर्मा पर्व के लिए निकलीं दो नाबालिग बच्चियों के शव ...और पढ़ें

Bhagalpur Kajraili Crime News: भागलपुर के कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत केलापुर बहियार में बच्चियों के शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस व एफएसएल टीम

Bhagalpur Kajraili Crime News: भागलपुर के कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत केलापुर बहियार में बच्चियों के शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस व एफएसएल टीम

HighLights

  1. कजरैली, भागलपुर में दो नाबालिग बच्चियों के शव मिले।

  2. कर्मा-धर्मा पर्व के लिए निकलीं बच्चियां रविवार से लापता थीं।

  3. एफएसएल टीम जांच में जुटी, डूबने की आशंका, रिपोर्ट का इंतजार।

संवाद सहयोगी, नाथनगर (भागलपुर)। Bhagalpur Kajraili Crime News: जिले के कजरैली थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां गौराचौकी हरिजन टोला की रहने वाली दो नाबालिग बच्चियों के शव सोमवार की सुबह केलापुर बहियार स्थित डाड़ (जलस्रोत) के पानी में उतराते मिले। बच्चियां रविवार की सुबह से ही लापता थीं।

बहियार में दोनों के शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग बच्चियां रविवार सुबह करीब 8 बजे कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर घर से एक साथ निकली थीं।

इसके बाद जब वे दोपहर तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने रविवार देर शाम कजरैली थाने में दोनों के लापता होने की लिखित सूचना दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने रविवार रात संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने की वजह से उनका कोई पता नहीं चल सका था।

सोमवार सुबह डाड़ में दिखे शव, चप्पल भी बरामद

सोमवार सुबह करीब 7 बजे केलापुर बहियार की ओर गए स्थानीय ग्रामीणों ने डाड़ के पानी में दो बच्चियों के शव तैरते देखे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और कजरैली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कजरैली थानाध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में बायपास थानाध्यक्ष विकास कुमार भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।

Bhagalpur Missing Girls Found Dead in Kajraili Bahiyar

  • कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत गौराचौकी हरिजन टोला निवासी दो नाबालिग बच्चियों के शव सोमवार सुबह केलापुर बहियार स्थित डाड़ में मिले

  • रविवार सुबह 8 बजे कर्मा-धर्मा पर्व की तैयारी के लिए घर से निकली थीं बच्चियां; देर शाम थाने में दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी की शिकायत

  • घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिली एक बच्ची की चप्पल; कजरैली व बायपास थानाध्यक्ष के साथ पहुंची विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम

  • थानाध्यक्ष गौतम कुमार बोले: प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी असली वजह

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पानी से कुछ दूरी पर एक बच्ची की चप्पल भी बरामद की गई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने के कारण यह हादसा हुआ होगा।

Bhagalpur Missing Girls Found Dead in Kajraili Bahiyar (1)

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की तकनीकी टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर के अजगैवीनाथ धाम में कर्मा-धर्मा पर्व पर बड़ा हादसा, बाढ़ के पानी में नहाने गईं छह बच्चियों की डूबने से मौत

"केलापुर बहियार स्थित डाड़ के पानी से दोनों नाबालिग बच्चियों के शव बरामद किए गए हैं। घटनास्थल की एफएसएल टीम से जांच कराई गई है। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।"

-

— गौतम कुमार, थानाध्यक्ष, कजरैली (भागलपुर)