MDM डाटा अपडेट में लापरवाही पर बड़ा एक्शन! भागलपुर के 7 BRP और 123 स्कूलों को नोटिस, 24 घंटे में मांगा गया जवाब
Bhagalpur MDM Data Entry Notice: भागलपुर में मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) के डेटा अपडेट और निगरानी में लापरवाही पर शिक्षा ...और पढ़ें

Bhagalpur MDM Data Entry Notice: भागलपुर में एमडीएम का डाटा अपडेट न करने पर 7 बीआरपी और 123 स्कूलों पर गिरी गाज, 24 घंटे में मांगा जवाब
HighLights
एमडीएम डेटा अपडेट में लापरवाही पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई।
सात प्रखंडों के बीआरपी से 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण।
123 विद्यालयों को समय पर उपस्थिति न भेजने पर नोटिस।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur MDM Data Entry Notice जिले में संचालित मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) के क्रियान्वयन, निगरानी और डिजिटल रिपोर्टिंग में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। अब तक केवल विद्यालयों पर कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन अब निगरानी में शिथिलता बरतने वाले प्रखंड साधनसेवियों (बीआरपी) पर भी गाज गिरनी शुरू हो गई है।
योजना से लाभान्वित बच्चों का 90 प्रतिशत डाटा पोर्टल पर समय से अपडेट नहीं करने के गंभीर मामले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ एमडीएम) महेश प्रसाद ने सात प्रखंडों के एमडीएम बीआरपी से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। जिन प्रखंडों के साधनसेवियों से जवाब मांगा गया है, उनमें गोपालपुर, गोराडीह, नारायणपुर, नाथनगर, नवगछिया, रंगरा चौक और सबौर शामिल हैं।
डीपीओ ने सभी संबंधित बीआरपी को कड़े शब्दों में निर्देश दिया है कि वे 24 घंटे के भीतर यह स्पष्ट करें कि उच्चाधिकारियों के स्पष्ट आदेश के बावजूद डाटा प्रविष्टि में इतनी बड़ी लापरवाही क्यों बरती गई। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने की स्थिति में उनके विरुद्ध विभागीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
11 बजे तक हाजिरी न भेजने वाले 123 विद्यालयों को भी नोटिस
बीआरपी के साथ-साथ पोर्टल पर समयबद्ध रिपोर्टिंग न करने वाले प्राथमिक व मध्य विद्यालयों पर भी सख्त कार्रवाई की गई है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक विद्यार्थियों की उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज न कराने वाले जिले के कुल 123 विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने इन सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानों को लिखित जवाब के साथ स्वयं कार्यालय में उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है।
भागलपुर में मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) के तहत 90% लाभान्वित बच्चों का डाटा पोर्टल पर अपडेट न करने पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ एमडीएम) महेश प्रसाद ने सात प्रखंडों (गोपालपुर, गोराडीह, नारायणपुर, नाथनगर, नवगछिया, रंगरा चौक, सबौर) के बीआरपी से मांगा स्पष्टीकरण
सुबह 11 बजे तक बच्चों की दैनिक उपस्थिति दर्ज न कराने वाले 123 विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी, कार्यालय में सशरीर तलब
दो दिन पूर्व भी 171 स्कूलों से मांगा गया था जवाब; डीपीओ ने दी चेतावनी—'एमडीएम की निगरानी और डाटा एंट्री में कोताही बर्दाश्त नहीं'
उल्लेखनीय है कि महज दो दिन पहले भी निर्धारित समय पर पोर्टल पर उपस्थिति अपडेट न करने के आरोप में जिले के 171 विद्यालयों से जवाब-तलब किया गया था। उस समय डीपीओ ने सभी बीआरपी को स्पष्ट हिदायत दी थी कि वे अपने-अपने प्रखंड के विद्यालयों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करें। चेतावनी के बावजूद सुधार न दिखने पर अब बीआरपी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है।
कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं: डीपीओ
डीपीओ एमडीएम महेश प्रसाद ने दो-टूक कहा कि मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के पोषण और उनके नियमित ठहराव से जुड़ी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है। इसमें किसी भी स्तर पर टालमटोल या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में वास्तविक उपस्थिति और लाभान्वित बच्चों का संपूर्ण आंकड़ा प्रतिदिन निर्धारित समय पर पोर्टल पर अपलोड होना अनिवार्य है। यदि साधनसेवी और विद्यालय प्रधान अपनी कार्यशैली में तत्काल सुधार नहीं लाते हैं, तो उनके विरुद्ध वेतन अवरुद्ध करने सहित अन्य कठोर प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।
