विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कायाकल्प अभ‍ियान : भागलपुर में 52 योजनाओं से बदलेगी शहर की सूरत; 30 नवंबर तक छोटे व मार्च 2027 तक पूरे होंगे बड़े काम

Published: Thu, 29 Oct 2026 01:46 AM (IST)

Bhagalpur Nagar Nigam Kayakalp Abhiyan: भागलपुर नगर निगम ने 'कायाकल्प अभियान' के तहत शहर की जर्जर सड़कों, नालों और सार्वजनिक ...और पढ़ें

Bhagalpur Nagar Nigam Kayakalp Abhiyan: बदहाल सड़कों और नालों से मिलेगी राहत! भागलपुर नगर निगम की 52 योजनाओं को मंजूरी!

Bhagalpur Nagar Nigam Kayakalp Abhiyan: बदहाल सड़कों और नालों से मिलेगी राहत! भागलपुर नगर निगम की 52 योजनाओं को मंजूरी!

HighLights

  1. भागलपुर में 'कायाकल्प अभियान' के तहत 52 योजनाएं शुरू।

  2. सड़क, नाले, सामुदायिक भवन मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्य।

  3. छोटे कार्य 30 नवंबर 2026 तक, बड़े मार्च 2027 तक।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Nagar Nigam Kayakalp Abhiyan: भागलपुर शहर की जर्जर सड़कों, खुले व क्षतिग्रस्त नालों, बदहाल सामुदायिक भवनों और उपेक्षित सार्वजनिक स्थलों की तस्वीर बदलने की दिशा में नगर निगम ने तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं। नगर विकास एवं आवास विभाग के महत्त्वाकांक्षी ‘कायाकल्प अभियान’ के तहत नगर निगम ने शहरभर में करीब 52 आवश्यक योजनाओं का चयन कर उस पर काम शुरू कर दिया है।

इस विशेष अभियान के तहत प्रत्येक योजना पर अधिकतम पांच लाख रुपये तक की राशि व्यय की जा सकेगी। अभियान का मुख्य ध्येय लंबी प्रशासनिक व निविदा औपचारिकताओं से बचकर बेहद कम समय में आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बहाल करना और शहर को स्वच्छ व सुंदर स्वरूप प्रदान करना है।

विभाग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, छोटे और आपात मरम्मत कार्यों को 30 नवंबर तक हर हाल में पूरा करने की डेडलाइन तय की गई है, जबकि मध्यम व बड़े कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है। नगर निगम प्रशासन ने त्वरित गति दिखाते हुए इनमें से करीब 30 योजनाओं पर धरातल पर कार्य शुरू भी करा दिया है।

शहर के प्रमुख मार्गों और मोहल्लों की सड़कों पर बने खतरनाक गड्ढों की पैच-रिपेयरिंग कराई जा रही है। वहीं दुर्घटनाओं को दावत दे रहे खुले नालों पर नए व मजबूत स्लैब लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा वार्डों में स्थित सामुदायिक भवनों, सार्वजनिक शौचालयों में टूटे दरवाजे बदलने, बिजली वायरिंग ठीक करने, पर्याप्त रोशनी और रंग-रोगन का काम भी चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है।

सैंडिस कंपाउंड से हनुमान घाट तक दिखने लगा असर

कायाकल्प अभियान के तहत शहर के ऐतिहासिक व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का असर भी धरातल पर साफ दिखने लगा है। स्मार्ट सिटी के प्रमुख केंद्र सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर लगे बड़े पेड़ों के तनों को आकर्षक रंगों से रंगा जा रहा है। वहीं, गंगा किनारे जाने वाले हनुमान घाट रोड पर दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग बनाई जा रही है।

भागलपुर नगर निगम का 'कायाकल्प अभियान'

  • अभियान: नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार का कायाकल्प अभियान।

  • कुल स्वीकृत योजनाएं: 52 योजनाएं (30 योजनाओं पर कार्य प्रारंभ)।

  • प्रति योजना अधिकतम लागत: ₹5 लाख तक।

  • छोटे कार्यों की समय-सीमा: 30 नवंबर 2026।

  • बड़े कार्यों की समय-सीमा: 31 मार्च 2027।

  • प्रमुख कार्य: सड़क के गड्ढों की भराई, नालों पर नए स्लैब, सामुदायिक भवनों की मरम्मत, वायरिंग, शौचालय जीर्णोद्धार, पेंटिंग व सौंदर्यीकरण।

  • ताजा प्रगति वाले स्थल: सैंडिस कंपाउंड (पेड़ों की रंगाई), हनुमान घाट रोड (वॉल पेंटिंग), झावाकोटी पार्क (खंजरपुर)।

  • पारदर्शिता प्रणाली: कायाकल्प पोर्टल पर कार्य से पहले और बाद की जियो-टैग्ड तस्वीरें अपलोड करना अनिवार्य।

इसके साथ ही खंजरपुर स्थित झावाकोटी पार्क की चहारदीवारी की मरम्मत और रंग-रोगन कर उसे नया लुक दिया जा रहा है। निगम अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और डिवाइडरों का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा।

पोर्टल पर फोटो अपलोड के बाद त्वरित स्वीकृति, टेंडर से मिली मुक्ति

इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी त्वरित कार्यप्रणाली है। पहले छोटे से नाले के स्लैब या सड़क के गड्ढे भरने के लिए भी लंबी निविदा (टेंडर) प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, जिसमें हफ्तों-महीनों का समय नष्ट हो जाता था और आपात स्थिति में नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ती थी।

अब कायाकल्प अभियान के तहत संबंधित स्थल की वर्तमान बदहाल स्थिति की तस्वीर सीधे कायाकल्प पोर्टल पर अपलोड की जाती है। तकनीकी स्वीकृति मिलते ही तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू करा दिया जाता है। कार्य पूर्ण होने के उपरांत गुणवत्ता जांच के लिए अंतिम तस्वीर भी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इस पारदर्शी व तेज व्यवस्था से शहर की बुनियादी नागरिक समस्याओं का त्वरित निदान संभव हो रहा है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं का होगा कायाकल्प! 12 क्षेत्रों के लिए आए 28 आवेदन, आज तय होगी एजेंसियों की लिस्ट