JDU : राजदीप बने महानगर अध्यक्ष, जानिए... उनकी उपलब्धि और आगे की योजनाएं Bhagalpur News
जदयू ने महानगर अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया पूरी कर राजदीप को अध्यक्ष बना दिया। हालांकि कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है।
भागलपुर [जेएनएन]। जदयू के जिला कार्यालय में राजदीप कुमार राजा महानगर अध्यक्ष निर्वाचित हुए। निर्वाचन पदाधिकारी शेखर पांडेय व पर्यवेक्षक आलोक वर्धन की देखरेख में चुनाव हुआ। नामांकन की प्रक्रिया 11.30 बजे शुरू हुई। एक बजे तक अध्यक्ष पद के लिए पांच नामांकन पत्र दाखिल किया गया। मो. नूर हसन फरीदी, मो. हसनैन अंसारी, राकेश यादव, निर्मल पासवान एवं राजदीप कुमार राजा ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
निर्वाचन पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षक ने नामांकन पत्र की जांच की। निर्मल पासवान एवं मो. हसनैन अंसारी के नामांकन पत्र में त्रुटि रहने के कारण रद कर दिया गया। वैध नामांकन की घोषणा होने के बाद मो. नूर हसन फरीदी व राकेश यादव ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इसके बाद नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारा लगने लगे। निर्वाचन पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षक ने राजदीप कुमार राजा को महानगर का अध्यक्ष निर्विरोध घोषित कर दिया।
इधर, महानगर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हसनैन अंसारी राजा निर्विरोध निर्वाचन का विरोध किया है। उनका कहना है कि उनका नामांकन पत्र जानबूझकर गलत भरवाया गया और रद कर दिया गया। चुनाव पदाधिकारी ने वोटर लिस्ट उपलब्ध नहीं कराया। माइक पर सिर्फ राजा को ही बोलने दिया गया। उन्होंने कहा है कि राजदीप को अगर जिताना ही था तो चुनाव की प्रक्रिया क्यों अपनाई गई। उन्होंने दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। महानगर अध्यक्ष के चुनाव के मौके पर जिलाध्यक्ष विजय सिंह, अर्जुन प्रसाद साह, अभय कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार, अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद थे।
नवनिर्वाचित जदयू जिलाध्यक्ष व प्रखंड अध्यक्ष को दी बधाई
जदयू के जिलाध्यक्ष के रूप में डॉ. विजय कुमार सिंह के निर्विरोध चुने जाने और प्रखंड जदयू अध्यक्ष के रूप में अमित कुमार रवि को निर्वाचित होने पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। प्रखंड जदयू परिवार की ओर से विधायक सुबोध राय, डॉ. बबुआनंदन सिंह, डॉ. ललित नारायण मंडल, गणेश प्रसाद सिंह, सुधीर प्रोग्रामर, डॉ उदय कुमार, राकेश कुमार, संजीव कुमार, मो. सलाम, नेपाली मंडल, प्रेम प्रभात सिन्हा, अमित कुमार, विनय कुमार, मनीष कुमार, तरुण कुमार, अरविन्द कुमार, डॉ. दिवाकर, कौशल किशोर, संजय कुमार के अलावा सभी पंचायत के पंचायत अध्यक्ष और डेलीगेट्स, जिला डेलीगेट्स ने भी एक दूसरे को जीत की बधाई दी है। जबकि प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार रवि और जिलाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार सिंह ने एक दूसरे को अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। यह जानकारी प्रखंड जदयू के मीडिया प्रभारी सुधीर कुमार प्रोग्रामर ने दी।