विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर सैंडिस मैदान में मंत्री नीतीश मिश्रा ने फहराया तिरंगा; AI यूनिवर्सिटी व विक्रमशिला टाउनशिप की दी सौगात

Published: Sat, 15 Aug 2026 11:01 PM (GMT+05:30)

भागलपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री नीतीश मिश्रा ने सैंडिस कंपाउंड में ध्वजारोहण किया। उन्होंने AI यूनिवर्सिटी, विक्रमशिला टाउनशिप ...और पढ़ें

सैंडिस कंपाउंड में मुख्य समारोह का आयोजन; प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा व SSP प्रमोद कुमार यादव ने किया परेड का निरीक्षण

सैंडिस कंपाउंड में मुख्य समारोह का आयोजन; प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा व SSP प्रमोद कुमार यादव ने किया परेड का निरीक्षण

HighLights

  1. भागलपुर में AI यूनिवर्सिटी और विक्रमशिला सैटेलाइट टाउनशिप की सौगात।

  2. 'सहयोग' पोर्टल से 11 हजार से अधिक शिकायतों का त्वरित समाधान।

  3. श्रावणी मेला में कांवरियों हेतु आधुनिक हैंगर की सुविधा पहली बार।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भागलपुर जिले में देशभक्ति, उमंग और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य समारोह शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में गरिमामय तरीके से आयोजित किया गया।

बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा सूचना प्रावैधिकी विभाग के मंत्री सह भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव के साथ खुली जिप में सवार होकर भव्य परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और भागलपुर के सर्वांगीण विकास के लिए चल रही ऐतिहासिक योजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 'विकसित भारत 2047' की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और बिहार नई ऊर्जा के साथ विकास की अगली पंक्ति में खड़ा है।

AI यूनिवर्सिटी, विक्रमशिला टाउनशिप और बटेश्वर रोप-वे की सौगात

प्रभारी मंत्री ने भागलपुर के ऐतिहासिक और शैक्षणिक गौरव को पुनर्जीवित करने के लिए कई बड़ी घोषणाओं व उपलब्धियों का उल्लेख किया:

  • AI एवं कंप्यूटर आधारित विश्वविद्यालय: भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक कंप्यूटर तकनीक पर आधारित नए विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।

  • विक्रमशिला सैटेलाइट टाउनशिप: राज्य में प्रस्तावित 12 ग्रीनफील्ड टाउनशिप के तहत भागलपुर में लगभग 140 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में आधुनिक 'विक्रमशिला सैटेलाइट टाउनशिप' विकसित की जा रही है।

  • केंद्रीय विश्वविद्यालय व इंफ्रास्ट्रक्चर: ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए 220 एकड़ भूमि का हस्तांतरण पूरा हो चुका है। साथ ही मुंगेर से सहरसा तक गंगा पथ परियोजना और कहलगांव से प्रसिद्ध बटेश्वर मंदिर तक अत्याधुनिक रोप-वे का निर्माण कराया जाएगा।

  • शिक्षा का विस्तार: मुख्यमंत्री द्वारा भागलपुर की पावन धरती से 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया गया है और राज्य में 551 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों की शुरुआत की गई है।

  • 'सहयोग' पोर्टल से समस्याओं का त्वरित समाधान, 11 हजार से अधिक निष्पादित

    प्रभारी मंत्री ने बताया कि आम जनता की शिकायतों और स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार द्वारा 'सहयोग' कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। भागलपुर जिले में 'सहयोग' पोर्टल के माध्यम से अब तक 12,551 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11,174 मामलों का मात्र 30 दिनों के भीतर संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित किया गया है।

    श्रावणी मेला में पहली बार आधुनिक हैंगर की सुविधा

    सावन मास के ऐतिहासिक श्रावणी मेला का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबाधाम जाने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस वर्ष पहली बार श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए सुल्तानगंज, भागलपुर, खैरा (मुंगेर) और भरकूप (बांका) में आधुनिक हैंगर का निर्माण और सफल संचालन किया गया है।

    'मेडल लाओ-नौकरी पाओ' से संवर रहा युवाओं का भविष्य

    युवाओं को विकसित भारत का मुख्य स्तंभ बताते हुए मंत्री ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी योजना के जरिए ई-लर्निंग सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, 'मेडल लाओ-नौकरी पाओ' योजना के तहत प्रतिभावान खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी से जोड़ा जा रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में ब्रेन-ड्रेन को रोककर उसे 'ब्रेन-गेन' में बदलना और युवाओं को रोजगार सृजक बनाना है।

    अंत में उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित और आत्मनिर्भर भागलपुर के निर्माण में सक्रिय जनभागीदारी निभाने का आह्वान किया।