पढ़ाई के साथ हर महीने 20 हजार तक की कमाई: भागलपुर में युवाओं को खूब भा रहा गिग वर्क, त्योहारों में 5000 और जुड़ेंगे
भागलपुर में गिग इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है, जहाँ ब्लिंकिट, ज़ोमैटो जैसी कंपनियों में 18,000 युवा, जिनमें छात्र भी ...और पढ़ें

भागलपुर की सड़कों पर ऑनलाइन ऑर्डर डिलीवरी के लिए निकलते युवा
HighLights
भागलपुर में 18,000 युवा गिग इकोनॉमी से जुड़े।
छात्र पढ़ाई के साथ 15-20 हजार रुपये कमा रहे।
त्योहारी सीजन में 5,000 नए रोजगार सृजित होंगे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। स्मार्टफोन और तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी ने आज के युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने की नई राहें खोल दी हैं। भागलपुर में 'गिग इकोनॉमी' (Gig Economy) का दायरा तेजी से विस्तार ले रहा है। ब्लिंकिट, जोमैटो, स्विगी और रिलायंस जियोमार्ट जैसी विभिन्न क्विक कॉमर्स और फूड डिलीवरी कंपनियों के जरिए जिले में करीब 18 हजार युवा रोजगार हासिल कर रहे हैं। इनमें 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक है। बड़ी संख्या में छात्र अपनी उच्च शिक्षा जारी रखने के साथ-साथ पार्ट-टाइम डिलीवरी का काम कर जेब खर्च निकाल रहे हैं और परिवार को भी आर्थिक सहारा दे रहे हैं।
ब्लिंकिट से जुड़े डिलीवरी बॉय मोहम्मद सद्दाम और दीपक ने बताया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खाली समय में डिलीवरी का काम करते हैं। इससे उन्हें पढ़ाई के खर्च के लिए परिवार पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। सद्दाम के अनुसार, पूरी लगन से रोजाना 5 से 6 घंटे काम करने पर महीने में 15 से 20 हजार रुपये तक की आमदनी हो जाती है। यह प्लेटफॉर्म उन युवाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है जो फ्लेक्सिबल वर्किंग ऑवर्स (लचीले समय) में काम करना चाहते हैं।
महंगाई के मद्देनजर दरें बढ़ाने की मांग
सद्दाम व दीपक ने कंपनियों और सरकार से डिलीवरी कर्मियों के मेहनताने में संशोधन की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कंपनियों द्वारा करीब 8 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जा रहा है। पेट्रोल की कीमतों और वाहनों की मेंटेनेंस को देखते हुए इस दर को बढ़ाकर कम से कम 15 रुपये प्रति किलोमीटर किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके।
भागलपुर में ब्लिंकिट, जोमैटो, स्विगी और जियोमार्ट जैसी कंपनियों से जुड़े 18 हजार युवा; 18 से 30 आयु वर्ग के युवाओं की तादाद सबसे ज्यादा
Gig Workers in Bhagalpur: भागलपुर में 18 हजार युवा जुड़े गिग रोजगार से, त्योहारी सीजन में 5 हजार नए मौके
पढ़ाई के साथ डिलीवरी कर युवा निकाल रहे अपनी जरूरत का खर्च; त्योहारी सीजन (दुर्गा पूजा, दिवाली, छठ) में 5 हजार अतिरिक्त कर्मियों की होगी भर्ती
डिलीवरी कर्मियों ने उठाई मांग: बढ़ती महंगाई और मेंटेनेंस खर्च को देखते हुए 8 रुपये प्रति किमी के भुगतान को बढ़ाकर 15 रुपये किया जाए
त्योहारी सीजन में 5 हजार नए युवाओं को मिलेगा काम
आदमपुर स्थित ब्लिंकिट के स्टोर मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान ऑनलाइन ऑर्डर्स में भारी उछाल आता है। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान मांग कई गुना बढ़ने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए इस सीजन में लगभग 5 हजार अतिरिक्त युवाओं को डिलीवरी नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक बेहतरीन और तत्काल आय का माध्यम है।
भागलपुर में बढ़ता ऑनलाइन सेवाओं का बाजार
आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ सीए प्रदीप कुमार झुनझुनवाला ने बताया कि हाल ही में डिलीवरी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई समीक्षा में भागलपुर में करीब 18 हजार सक्रिय गिग कर्मियों के जुड़े होने का आंकड़ा सामने आया था। जैसे-जैसे टियर-2 और टियर-3 शहरों में ऑनलाइन शॉपिंग और क्विक कॉमर्स का चलन बढ़ रहा है, वैसे-वैसे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। त्योहारी सीजन के बाद भी इस सेक्टर में युवाओं के जुड़ाव की रफ्तार लगातार बनी रहेगी।
