भागलपुर में बाढ़ के पानी में बहा बिजली पोल, नावों से निगरानी रख रहा विभाग
भागलपुर के सबौर प्रखंड में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण एक बिजली का पोल 11 हजार वोल्ट तार सहित बह गया।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
सबौर में बाढ़ से बिजली पोल बहा, आपूर्ति हुई बाधित।
बिजली विभाग ने तुरंत नया पोल लगाकर आपूर्ति बहाल की।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पांच नावों से लाइनों की निगरानी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के बीच सबौर प्रखंड के कुरपट के पास बिजली का एक पोल 11 हजार वोल्ट तार सहित बह गया।
इससे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बाढ़ का पानी बढ़ने के साथ आसपास के अन्य बिजली पोलों पर भी गिरने का खतरा मंडरा रहा है।
इसे देखते हुए बिजली विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अलीगंज सब डिवीजन के सहायक अभियंता रितेश कुमार के अनुसार बह चुके पोल की जगह नया पोल खड़ा कर बिजली आपूर्ति भी बहाल करा दी गई है।
वहीं, बाढ़ प्रभावित इलाके में बिजली के पोल और तारों की स्थिति पर नजर रखने के लिए पांच नावों की व्यवस्था की गई है। इन नावों के माध्यम से विभागीय कर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त कर पोल और तारों की निगरानी कर रहे हैं।
कहीं भी पोल गिरने, तार टूटने या बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की सूचना मिलती है तो तत्काल टीम मौके पर पहुंचेगी। टीम क्षतिग्रस्त व्यवस्था को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल रखने का प्रयास करेगी।
बाढ़ के दौरान बिजली के पोल और तारों से किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसे लेकर भी विभागीय स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
यह भी पढ़ें- मधेपुरा में कोसी का कहर जारी, बाढ़ की चपेट में 1.25 लाख आबादी; प्रशासन अलर्ट
