भागलपुर में काली पूजा व छठ को लेकर अलर्ट! 381 प्रतिमाएं होंगी स्थापित, 270 छठ घाट तैयार; DJ पर पूरी तरह बैन
Bhagalpur Kali Puja Chhath 2026 Preparations: भागलपुर में दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर प्रशासनिक व सामाजिक तैयारियां ...और पढ़ें

Bhagalpur Kali Puja Chhath 2026 Preparations: काली पूजा की तैयारियां तेज: युवा महासमिति का विस्तार
HighLights
भागलपुर में 381 काली प्रतिमाएं, 270 छठ घाट तैयार।
त्योहारों के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, सुरक्षा कड़ी।
विसर्जन शोभायात्रा स्टेशन चौक से मुसहरी घाट तक।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Kali Puja Chhath 2026 Preparations: आगामी दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर भागलपुर जिले में प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले भर में शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने दंडाधिकारियों, जिला पुलिस बल, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और आपदा बचाव दलों की संयुक्त तैनाती की रूपरेखा तैयार कर ली है। जिले में इस वर्ष कुल 381 स्थानों पर मां काली की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, वहीं 270 घाटों पर छठ महापर्व का आयोजन होगा।
अनुमंडलवार ब्योरे के अनुसार, सदर अनुमंडल क्षेत्र में 247, कहलगांव अनुमंडल में 77 और नवगछिया पुलिस जिले में 57 प्रतिमाएं स्थापित होंगी। दीपावली और काली पूजा के मद्देनजर 6 से 12 नवंबर तक सभी प्रमुख चौक-चौराहों, पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल मुस्तैद रहेंगे। वहीं, 5 से 10 नवंबर तक जिले में केंद्रीय बलों की तैनाती रहेगी। किसी भी आपात स्थिति या उपद्रव से त्वरित निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है।
डीजे पर पूर्ण पाबंदी, 24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम
त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पूजा और विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। शराबबंदी कानून का कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए विशेष निगरानी दस्ते गठित किए गए हैं। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष रूप से महिला पुलिस बल की तैनाती होगी।
किसी भी सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है, जो दीपावली व काली पूजा के दौरान 6 से 10 नवंबर तक तथा छठ महापर्व के लिए 15 और 16 नवंबर को चौबीसों घंटे क्रियाशील रहेगा। गश्ती दलों के साथ दंडाधिकारी, वीडियोग्राफर और वायरलेस/साउंड सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
स्टेशन चौक से निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा, मुसहरी घाट पर विसर्जन
भागलपुर शहर की पारंपरिक काली पूजा विसर्जन शोभायात्रा स्टेशन चौक पर एकत्रित होगी। यहां से कतारबद्ध होकर प्रतिमाएं कोतवाली थाना चौक, नया बाजार, आदमपुर, खंजरपुर और बरारी चौक होते हुए मुसहरी घाट पहुंचेंगी। मुसहरी घाट पर क्रमवार तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न कराया जाएगा। विसर्जन घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम और प्रशिक्षित गोताखोर आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ तैनात रहेंगे।
काली पूजा युवा महासमिति का विस्तार, प्रशासन को दिए अहम सुझाव
उधर, काली पूजा और विसर्जन शोभायात्रा को सुव्यवस्थित व शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूजा समितियों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। श्री श्री 108 काली महारानी महानगर केंद्रीय युवा महासमिति के अध्यक्ष रवि कुमार सिंह और महामंत्री धनंजय यादव के नेतृत्व में संगठन का विस्तार किया गया। अभिजीत यादव को उप-महामंत्री तथा शुभम कुमार साह और चंदन यादव को सह-संयोजक मनोनीत किया गया है। सलाहकार समिति में 5 और महिला समिति में 6 सदस्यों को शामिल किया गया है।
इसके साथ ही, केंद्रीय काली पूजा महासमिति के अध्यक्ष ब्रजेश शाह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ, एसडीपीओ एवं मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष से मुलाकात कर विसर्जन रूट, भीड़ नियंत्रण और लटकते बिजली के तारों की समस्या से अवगत कराया। समिति ने सुझाव दिया कि प्रतिमाओं को समय पर उठाने और जाम से बचने के लिए पुल पर बैरियर लगाए जाएं, ताकि दक्षिणी और उत्तरी क्षेत्र की प्रतिमाएं बिना किसी अवरोध के समय पर स्टेशन चौक पहुंच सकें।
