विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'क्या आपने मेरी बेटी को देखा है?' भागलपुर में तस्वीर दिखाकर लोगों से पूछ रहा पिता, कहा- सोनाक्षी को ढूंढ दीजिए

Published: Tue, 03 Mar 2026 12:33 AM (IST)

भागलपुर के नवगछिया इलाके से 14 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी ट्यूशन जाते समय लापता हो गई है। उसके पिता कन्हैयालाल साह ...और पढ़ें

भागलपुर के नवगछ‍िया में सोनाक्षी कुमारी को ढूंढ रहे प‍िता।

भागलपुर के नवगछ‍िया में सोनाक्षी कुमारी को ढूंढ रहे प‍िता।

HighLights

  1. 14 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी भागलपुर से लापता हुई।

  2. पिता ने अपहरण की आशंका में शिकायत दर्ज कराई।

  3. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, तलाश जारी।

संवाद सूत्र, नारायणपुर (भागलपुर)। भागलपुर के नवगछ‍िया इलाके में मधुरापुर निवासी कन्हैयालाल साह की 14 वर्षीय पुत्री सोनाक्षी कुमारी शनिवार को ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों के अनुसार वह रोजाना की तरह बलाहा स्थित ट्यूशन के लिए गई थी। जब निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आसपास के रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

घटना को लेकर परिजनों में गहरी चिंता और बेचैनी का माहौल है। सोनाक्षी के पिता कन्हैयालाल साह ने भवानीपुर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आवेदन देकर अपहरण की आशंका जताई है। शिकायत में कहा गया है कि उनकी बेटी बिना किसी सूचना के लापता हो गई है और आशंका है कि किसी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया है।

बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे पिता

बेटी के लापता होने के बाद से कन्हैयालाल साह बदहवास हालत में उसकी तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। वे अपनी बेटी की तस्वीर हाथ में लेकर गांव-गांव और बाजारों में लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। राह चलते हर व्यक्ति से वे यही सवाल कर रहे हैं- “क्या आपने मेरी बेटी को कहीं देखा है?” उनकी आंखों में चिंता साफ झलक रही है।

पिता लोगों को अपनी बेटी की तस्वीर दिखाते हुए उनसे सहयोग की अपील कर रहे हैं। वे सभी से आग्रह कर रहे हैं कि फोटो को अपने मोबाइल में सुरक्षित रख लें और यदि कहीं भी सोनाक्षी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत उन्हें सूचित करें। उनका कहना है कि थोड़ी सी जानकारी भी उनकी बेटी तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है।

इधर, भवानीपुर थाना पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और संभावित पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सुराग मिलने की उम्मीद है।

परिजनों ने भी आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सोनाक्षी कुमारी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय थाना या परिवार को सूचित करें, ताकि उसे सकुशल घर लाया जा सके।