विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में यादगार बनेगा दशहरा! डीएम अलंकृता पांडेय ने संभाली कमान, पूजा पंडालों से रावण वध स्थल तक परखीं तैयारियां

Published: Sat, 17 Oct 2026 02:10 PM (IST)

Durga Puja 2026: भागलपुर में दुर्गा पूजा और दशहरा को यादगार बनाने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने कमान संभाली ...और पढ़ें

Durga Puja 2026: भागलपुर शहर में दुर्गापूजा पंडालों और सीटीएस ग्राउंड में रावण वध कार्यक्रम।

Durga Puja 2026: भागलपुर शहर में दुर्गापूजा पंडालों और सीटीएस ग्राउंड में रावण वध कार्यक्रम।

ललन तिवारी, भागलपुर। Durga Puja 2026: मां दुर्गा की भक्ति और आस्था से सराबोर रेशमी नगरी भागलपुर में पूजा पंडालों की रौनक चरम पर पहुंचने लगी है। कहीं भव्य व आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है, तो कहीं मनमोहक रोशनी और सांस्कृतिक तैयारियों के बीच विजयादशमी का उल्लास आकार ले रहा है। इस महापर्व को अभेद्य सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द के साथ यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।

जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय खुद सड़कों पर उतरकर प्रमुख पूजा स्थलों से लेकर सीटीएस ग्राउंड में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक रावण वध कार्यक्रम तक की व्यवस्थाओं की सीधी मॉनिटरिंग कर रही हैं। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन मिले, शहर का यातायात सुगम रहे और यह दशहरा आपसी भाईचारे की मिसाल बने।

पूजा पंडालों से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक स्थलीय निरीक्षण

तैयारियों की जमीनी हकीकत परखने के लिए डीएम अलंकृता पांडेय ने अधिकारियों के दल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का सघन दौरा किया। उन्होंने तिलकामांझी चौक, आदमपुर स्थित दुर्गा प्रतिमा स्थल, दीपप्रभा टॉकीज, मशाकचक, मंदरोजा चौक, बूढ़ानाथ और नरगा चौक सहित कई महत्वपूर्ण पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का फीडबैक लिया और मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत उन्होंने परबत्ती चौक, भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर, लोहिया पुल, खलीफाबाग रोड, घंटाघर, मारवाड़ी पाठशाला और कचहरी चौक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीटीएस ग्राउंड में आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर प्रवेश-निकास द्वार, सुरक्षा घेरा और अग्निशमन व्यवस्था की विशेष समीक्षा की गई।

सुरक्षा, रोशनी और भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस

दौरे के दौरान डीएम ने नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंडालों और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, समुचित प्रकाश व्यवस्था और मजबूत बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

कालीबाड़ी, दुर्गाबाड़ी, मारवाड़ी पाठशाला स्थित युवक संघ, बड़ी खंजरपुर स्थित हिंद ए युवा संघ, मुंदीचक गढ़ैया, मंदरोजा, तिलकामांझी, मोहद्दीनगर और बरारी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जैसे भीड़भाड़ वाले संवेदनशील पूजा स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल और वॉच टावर के जरिए निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि दर्शनार्थियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।

श्रावणी मेले की तरह दुर्गापूजा भी बनेगी मिसाल

गौरतलब है कि डीएम अलंकृता पांडेय के नेतृत्व में हाल ही में संपन्न हुआ एक माह का विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला अपनी बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और नवाचारों के चलते बेहद यादगार रहा था। ठीक उसी प्रशासनिक दक्षता और रणनीति के साथ इस बार की दुर्गापूजा और दशहरा को भी ऐतिहासिक और यादगार बनाने की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रशासनिक स्तर पर शांति समिति की बैठकों और फ्लैग मार्च के जरिए असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है।