विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केरल पुलिस की भागलपुर में बड़ी स्ट्राइक! महिला सहित 4 साइबर ठग गिरफ्तार, भारी मात्रा में सिम और मोबाइल बरामद

Published: Sun, 13 Sep 2026 11:07 PM (IST)

Bhagalpur Cyber Fraud Arrest: केरल पुलिस ने भागलपुर पुलिस के साथ मिलकर करोड़ों की ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में ...और पढ़ें

Bhagalpur Cyber Fraud Arrest: भागलपुर में केरल पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, महिला समेत 4 साइबर ठग गिरफ्तार; कई सिम कार्ड और मोबाइल बरामद

Bhagalpur Cyber Fraud Arrest: भागलपुर में केरल पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, महिला समेत 4 साइबर ठग गिरफ्तार; कई सिम कार्ड और मोबाइल बरामद

HighLights

  1. केरल पुलिस ने भागलपुर में 4 साइबर अपराधियों को पकड़ा।

  2. करोड़ों की ऑनलाइन ठगी में शामिल थे ये अपराधी।

  3. स्मार्टफोन, सिम कार्ड सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Cyber Fraud Arrest: केरल में करोड़ों की ऑनलाइन साइबर ठगी को अंजाम देकर बिहार में सुरक्षित ठिकाना बनाए बैठे अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर कानून का कड़ा शिकंजा कसा है। केरल पुलिस की विशेष टीम ने भागलपुर जिला पुलिस के साथ मिलकर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की।

इस संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत कुल चार शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दर्जनों स्मार्टफोन, विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के भारी संख्या में सिम कार्ड और कई अन्य तकनीकी व आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।

  • केरल में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के बड़े मामलों में भागलपुर पुलिस के सहयोग से तीन थाना क्षेत्रों में संयुक्त छापेमारी

  • जोगसर, तातारपुर और हबीबपुर इलाकों से एक महिला सहित कुल चार शातिर साइबर ठग गिरफ्तार

  • आरोपियों के पास से दर्जनों मोबाइल फोन, भारी संख्या में एक्टिवेट सिम कार्ड और कई आपत्तिजनक सामान बरामद

  • एसपी सिटी अतुलेश झा का बयान— जोगसर थाने में चल रही पूछताछ, सोमवार को पूरे अंतरराज्यीय गिरोह का होगा खुलासा

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केरल पुलिस की टीम साइबर फ्रॉड से जुड़े एक बड़े नेटवर्क की तकनीकी पड़ताल करते हुए भागलपुर पहुंची थी। भागलपुर पुलिस की तकनीकी सेल और स्थानीय थानों के सहयोग से शहर के जोगसर, तातारपुर और हबीबपुर थाना क्षेत्रों के संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से साइबर गिरोह के सदस्यों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला।

स्थानीय स्तर पर चर्चा यह भी है कि छापेमारी के दौरान संदिग्धों के ठिकाने से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ (ब्राउन शुगर) और अवैध हथियार भी मिले हैं, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल हथियार व मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर औपचारिक पुष्टि नहीं की है।

जोगसर थाने में चल रही मैराथन पूछताछ, कई शहरों में छापेमारी

गिरफ्तार महिला और तीनों अन्य आरोपियों को सुरक्षा घेरे में जोगसर थाने लाया गया है, जहां केरल पुलिस के अधिकारी और भागलपुर पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारी उनसे सघन पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि इन अपराधियों ने फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों (म्यूल एकाउंट्स) का इंतजाम कहां से किया और ठगी की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई। पकड़े गए आरोपियों से मिली गोपनीय निशानदेही के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गिरोह के बाकी सदस्यों और स्थानीय मददगारों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

सोमवार को होगा बड़े गिरोह का पर्दाफाश: एसपी सिटी

मामले की पुष्टि करते हुए भागलपुर के एसपी सिटी अतुलेश झा ने बताया कि केरल में संगठित ऑनलाइन साइबर ठगी के कई संगीन मामले दर्ज थे, जिनकी जांच की कड़ियां भागलपुर से जुड़ी हुई थीं। इसी मामले के अनुसंधान और आरोपियों की धरपकड़ के लिए केरल पुलिस की टीम भागलपुर आई थी।

एसपी सिटी ने बताया कि स्थानीय पुलिस के समन्वय से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ में अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट से जुड़े कई चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर छापेमारी का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस इस पूरे गिरोह की वित्तीय कड़ियों और साइबर नेटवर्क का सोमवार को विधिवत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत खुलासा करेगी।