भागलपुर में चार सनसनीखेज हत्याकांडों में नहीं हुई एक भी गिरफ्तारियां, दहशत में स्वजन
भागलपुर में लगातार हत्याएं हो रही हैं। कई मामले में पुलिस ने एक भी गिरफ्तारी नहीं की है। जोगसर बरारी और तिलकामांझी पुलिस चौकी क्षेत्र में हुए चार कत्ल में गिरफ्तारी शून्य है। भयभीत है पीडि़त के स्वजन।
भागलपुर, जेएनएन। चर्चित हत्याकांडों में पुलिस की कमजोर तफ्तीश पुलिसिया कार्यशैली पर फिर सवाल खड़ी करने लगी है। सिल्क सिटी के जोगसर, बरारी और तिलकामांझी पुलिस चौकी क्षेत्र में हाल में हुई चार सनसनीखेज हत्याओं का उद्भेदन करने में पुलिस विफल रही है। हालांकि पुलिस का दावा है कि वह आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रोज छापेमारी कर रही है। दो माह से अधिक समय बीत चले पर इन चार हत्याकांड के आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी। जबकि तीन हत्याओं में वादी ने आरोपितों को नामजद किया है। मात्र मेडिकल कॉलेज गल्र्स हॉस्टल के सुरक्षा गार्ड शिवरंजन यादव हत्याकांड में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
विनोद यादव हत्याकांड : पांच सितंबर 2020 की रात जोगसर पुलिस चौकी क्षेत्र में गला घोंट की गई थी हत्या। निर्माणाधीन अपार्टमेंट में हत्यारों ने सोए हालत में मार डाला था। निरंजन कुमार और उसके भाई रमेश कुमार आरोपित बनाए गए। विनोद मुंगेर जिले के रहने वाले थे। भागलपुर में बना रखा था बसेरा। आरोपित छुट्टा घूम रहे हैं। बड़े बिल्डर हैं, गिरेबान पर हाथ डालने से पुलिस के हाथ कांप रहे हैं।
पशुपालक प्रदीप यादव हत्याकांड : बरारी थाना क्षेत्र के मायागंज इलाके में घर के समीप ही 23 सितंबर 2020 की दोपहर गला रेत प्रदीप यादव की हत्या कर दी गई। हत्याकांड में पत्नी पार्वती देवी के बयान पर गोतिया के प्रमोद यादव और उसके बेटे सुमित यादव, अमित यादव समेत अन्य अज्ञात को आरोपित बनाया गया। तकनीकी जांच में मौके पर आरोपित अमित यादव की मौजूदगी के साक्ष्य भी मिले। पुलिस अबतक गिरफ्तार करने में विफल रही है।
शंभू नंदन उर्फ डब्लू यादव हत्याकांड : बरारी थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 17 अगस्त 2020 की रात मुंगेर निवासी प्रापर्टी डीलर डब्लू यादव की हत्या गोली मार कर दी गई थी। उसकी पत्नी के बयान पर दिलीप यादव, कैलाश यादव, राजू यादव और भूषण यादव को आरोपित बनाया गया है। अबतक आरोपित पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस की तकनीकी जांच में एक अन्य आरोपित की पहचान भी पुलिस कर चुकने का दावा करती रही पर आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
शिवरंजन यादव हत्याकांड : छह अक्टूबर 2020 की रात मेडिकल कॉलेज गल्र्स हॉस्टल के सुरक्षा गार्ड शिवरंजन यादव की गोली मार हत्या कर दी गई थी। हत्या जिलाधिकारी आवास के चंद कदम की दूरी पर मौजूद गर्ल्स हॉस्टल के गार्ड रूम में अंजाम दिया गया था। पुलिस अभी तक हत्यारे का पता नहीं लगा सकी है।
हत्याकांडों के उद्भेदन में टीम लगी हुई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - पूरण कुमार झा, सिटी एएसपी, भागलपुर।