Bhagalpur covid 19 : आज फिर कोरोना वायरस से 10 लोग संक्रमित, डाक्टर का भी हो रहा है इलाज
Bhagalpur covid 19 बिहार के भागलपुर जिले में लगातार कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। कुछ डाक्टर का भी इलाज हो रहा है। इस बीच लोग लगातार यहां लापरवाही बरत रहे हैं। बिना मास्क पहने लोग यहां-वहां घूम रहे हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur covid 19: रविवार को सेवानिवृत शिशु रोग विशेषज्ञ, एक इंटर्न समेत 10 लोग कोरोना संक्रमित मिले। सिविल सर्जन डा. उमेश शर्मा ने कहा कि 70 वर्षिय शिशु रोग चिकित्सक, 25 वर्ष का छात्र, मसाकचक की चार वर्षीय बच्चा संक्रमित मिला है। अनुमंडलीय अस्पताल का टेक्नीशियन, नवगछिया के बुजुर्ग, बिहपुर के युवा समेत 10 संक्रमित मिले। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 29044 है। 362 लोगों की मौत हो गई। 28641 मरीज स्वास्थ्य हो गए। सक्रिय मरीजों की संख्या 42 है।
परबत्ता में मिले दो कोरोना पाजिटिव, होम आइसोलेशन में
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगडिय़ा)। कोरोना धीरे-धीरे सर उठाने लगा है। परबत्ता में भी कोरोना के मरीज मिलने का सिलसिला चालू है। यहां दो मरीज मिले हैं। बैसा पंचायत में एक पुरुष कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। जबकि सियादतपुर अगुवानी पंचायत में एक महिला कोरोना पाजिटिव पाई गई है। इसकी पुष्टि परबत्ता प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डा. राजीव रंजन ने की है। उन्होंने बताया कि बैसा पंचायत के एक पुरुष की जांच 21 जून को गोगरी में हुई थी। जबकि सियादतपुर अगुवानी पंचायत की महिला की जांच 21 जून को परबत्ता सीएचसी में हुई। दोनों पाजिटिव पाए गए हैं। इसके पूर्व परबत्ता नगर पंचायत में 14 जून को कोरोना के मरीज मिले थे। नगर पंचायत में दो कोरोना पाजिटिव पाए गए थे। दोनों स्वस्थ्य हो चुके हैं। अभी दो एक्टिव केस हैं। जो होम आइसोलेशन में हैं। मालूम हो कि दूसरी लहर में यहां करीब आठ सौ लोग पाजिटिव हुए थे। आधे दर्जन लोगों की मौत भी हुई थी। अब कोरोना ने पुन: दस्तक दे दी है।
आज 350 स्थानों पर होगा टीकाकरण
संसू, बांका। कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। आपात बैठक कर डीएम अंशुल कुमार ने टीकाकरण को लेकर महाअभियान चलाने का आदेश दिया। सोमवार को इसके लिए 350 स्थानों पर शिविर लगाकर टीकाकरण करने पर बल दिया। बैठक में वरीय उप समाहर्ता अजय कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य ने भाग लिया। कोविड टीकाकरण महाअभियान सुबह सात बजे से आरंभ हो जाएगा। इस टीकाकरण का मानिटरिंंग जिला स्तर, प्रखंड स्तर एवं पंचायत स्तर पर किया जाएगा। पल्स पोलियो अभियान के दौरान सर्वे में सबसे अधिक टीकाकरण से वंचित प्रखंडों में सर्वप्रथम चांदन में 24500 व्यक्ति टीकाकरण से वंचित हैं। उसके बाद 14755 कटोरिया से एवं 7500 व्यक्ति रजौन से चिन्हित किए गए हैं। इस प्रकार कल के कोविड टीकाकरण महाअभियान में विशेष रुप से उपर्युक्त प्रखंडों पर विशेष ध्यान दिए जाने का निर्देश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया है। इसके साथ साथ कोविड-19 पोर्टल पर एंट्री भी करते रहने का निर्देश दिया गया है।