Bhagalpur coronavirus update : जेएलएनएमसीएच में सात घंटे के अंदर चार कोरोना मरीजों की मौत
Bhagalpur coronavirus update जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में अबतक 92 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें भागलपुर के 47 लोग शामिल हैं।
भागलपुर, जेएनएन। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में कोरोना मरीजों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को भी सात घंटे के अंदर कोरोना संक्रमित चार मरीजों की मौत हो गई। इनमें भागलपुर जिले के दो और बांका एवं साहिबगंज (झारखंड) के एक-एक मरीज शामिल हैं। इससे पहले शनिवार को दो मरीजों की मौत हो गई थी। ये मरीज नवगछिया और साहिबगंज (झारखंड) के एक मरीज शामिल थे। सोमवार को भी काफी संख्या में मरीज कारोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। साहिबगंज की महिला (29 वर्ष) को 18 सितंबर को आइसीयू में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान 12 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, नाथनगर की 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की शाम छह बजे मौत हो गई। उसे नौ सितंबर को भर्ती किया गया था। इसके अलावा पीरपैंती के 68 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग को इमरजेंसी में 18 सितंबर को भर्ती किया गया था। एंटीजन किट से जांच किए जाने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनकी मौत शाम सात बजे हुई, जबकि बांका बेलहर के 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत भी शाम साढ़े सात बजे आइसीयू में हो गई। उन्हें 19 सितंबर को आइसीयू में भर्ती किया गया था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक भगत ने बताया कि सभी की स्थिति गंभीर थी, ऑक्सीजन पर रखा गया था।
अबतक 92 कोरोना मरीजों की मौत
जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में अबतक 92 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें भागलपुर के 47 लोग शामिल हैं। इसके अलावा बांका, जमुई, कटिहार, खगडिय़ा, किशनगंज, मुंगेर, नालंदा, पूर्णिया, वैशाली, लखीसराय के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है।
जिले में कोरोना के 53 नए मरीज मिले
जिले में 53 संक्रमित मिले, इनमें तिलकामांझी, मिरजानहाट, भीखनपुर के संक्रमित शामिल हैं। अभी तक जिले में 7003 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 6395 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आने लगी है। अगर लोग सचेत रहे तो कोरोना पर काबू पाया जा सकता है।
चार को मिली छुट्टी
टीटीसी कोविड सेंटर से रविवार को चार लोगों को छुट्टी दी गई। सभी प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के कर्मचारी हैं। उन्हें 12 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव होने पर सेंटर में भर्ती किया गया था। स्वस्थ होने पर छुट्टी दी गई।