गंगा में पलटी नाव का VIDEO : भागलपुर में 19 मजदूर तैरकर बाहर निकले और 2 लापता, SDRF कर रही रेस्क्यू
भागलपुर के राघोपुर पंचायत में गंगा नदी में बाढ़ संघर्षात्मक कार्य में लगी एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो ...और पढ़ें
HighLights
भागलपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से हादसा।
बाढ़ संघर्षात्मक कार्य में लगी थी संवेदक की नाव।
12 मजदूर सुरक्षित, 6 लापता; SDRF कर रही तलाश।
संवाद सूत्र, खरीक (भागलपुर)। भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड की राघोपुर पंचायत में बुधवार, 26 अगस्त की दोपहर एक बड़ा नाव हादसा हो गया। उफनती गंगा के तेज जलप्रवाह के बीच जमींदारी तटबंध को सुरक्षित रखने के लिए चल रहे बाढ़ संघर्षात्मक (फ्लड फाइटिंग) कार्य में लगी जल संसाधन विभाग की नाव अचानक अनियंत्रित होकर बीच धारा में पलट गई। हादसे के वक्त नाव पर 21 मजदूर सवार थे, जो तेज धार की चपेट में आकर बहने लगे।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम की सक्रियता से 19 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 2 मजदूर अब भी लापता हैं।
प्रशासन ने जारी की विज्ञप्ति, इन दो मजदूरों की तलाश जारी
जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह दुर्घटना दोपहर लगभग 2:30 बजे हुई। घटना के बाद एसडीआरएफ ने तत्परता दिखाते हुए 19 मजदूरों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाल लिया। वहीं, नदी की तेज धारा में लापता हुए 2 मजदूरों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
लापता मजदूरों का विवरण:
बादल मंडल (32 वर्ष), पिता– सिकंदर मंडल, निवासी– लोदीपुर, थाना– खरीक।
सिकंदर मंडल (55 वर्ष), पिता– स्वर्गीय योगेश्वर मंडल, निवासी– सिमरिया, थाना– रंगरा।

तटबंध पर चल रहा था फ्लड फाइटिंग कार्य, बचाव में जुटी टीम
राघोपुर पंचायत बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेष कुमार उर्फ बुलो मंडल का पैतृक गांव है। पिछले कई दिनों से काजीकोरैया-राघोपुर जमींदारी बांध पर गंगा की मुख्य धारा का भारी दबाव बना हुआ है। तटबंध को टूटने और कटाव से बचाने के लिए जल संसाधन विभाग के निर्देश पर संवेदक राजकुमार सिंह द्वारा बड़े पैमाने पर फ्लड फाइटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी कार्य के तहत सामग्री और मजदूरों को ले जा रही नाव तेज बहाव में असंतुलित हो गई। नाव पर घोघा, इस्माइलपुर, परबत्ता, लोदीपुर और रंगरा क्षेत्र के मजदूर सवार थे।
वायरल वीडियो : चीख-पुकार और जान बचाने की जद्दोजहद
सोशल मीडिया पर हादसे का एक खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज बहाव के बीच नाव अचानक डगमगाती है और देखते ही देखते गंगा की धारा में पलट जाती है। इसके बाद मजदूर जान बचाने के लिए उफनती लहरों में तैरकर बाहर निकलने का भरसक प्रयास करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मजदूरों के चेहरे पर खौफ, दर्द और 'गंगा मइया' की गुहार साफ सुनाई व दिखाई दे रही है। यह दर्दनाक मंजर देखकर हर कोई सिहर उठा और लोग लगातार इस वीडियो को साझा कर रहे हैं।
जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वरीय प्रशासनिक अधिकारी और जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीम मौके पर कैंप कर लापता मजदूरों की खोजबीन की सीधी मॉनिटरिंग कर रही है।
