भागलपुर में भाजपा नेता को गोलियों से भूना, पूर्व पार्षद पर केस दर्ज, 'जिंदा नहीं छोड़ेंगे' की दी थी धमकी!
Bhagalpur BJP Mandal President Uman Bhushan Tanti Murder: भागलपुर के कुतुबगंज में भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की बाइक ...और पढ़ें
HighLights
भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या।
काली मंदिर विवाद में पूर्व पार्षद शशि मोदी पर आरोप।
पुलिस ने एसआईटी गठित कर एक संदिग्ध को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur BJP Mandal President Uman Bhushan Tanti Murder: शहर के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुतूबगंज में शुक्रवार की सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े दुस्साहस का परिचय देते हुए भारतीय जनता पार्टी के श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने बेहद नजदीक से उनके सिर के पीछे दो गोलियां दागीं और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे कुतूबगंज और दक्षिण खंड क्षेत्र में भारी तनाव और मातम पसर गया है।
-1789109532704.webp)
वारदात के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग खून से लथपथ उमा भूषण को आनन-फानन में इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड के चिकित्सकों ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में दो गोली मारे जाने की पुष्टि हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के नगर विधायक रोहित पांडेय तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया और मौके पर मौजूद वरीय पुलिस अधिकारियों से बात कर हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
-1789109966601.webp)
काली मंदिर निर्माण व अध्यक्ष पद विवाद में हत्या का आरोप
परिजनों ने हत्या का सीधा आरोप पूर्व पार्षद व भाजपा नेता शशि मोदी और उसके भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन मोदी पर लगाया है। बबरगंज पुलिस को दिए गए आधिकारिक बयान में परिजनों ने बताया कि कुतूबगंज में काली मंदिर के निर्माण और मंदिर समिति के अध्यक्ष पद को लेकर उमा भूषण तांती की शशि मोदी के साथ पुरानी तनातनी चल रही थी।
बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतूबगंज में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने भाजपा श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की गोली मारकर की हत्या
कुतूबगंज में काली मंदिर निर्माण और समिति अध्यक्ष पद को लेकर चल रही थी तनातनी; परिजनों ने पूर्व पार्षद शशि मोदी और उसके भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन पर लगाया हत्या का आरोप
सिर के पीछे काफी नजदीक से मारी गईं दो गोलियां; पुलिस मुख्यालय ने लिया घटना का संज्ञान, गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया
भाजपा के नगर विधायक रोहित पांडेय पहुंचे अस्पताल, भीड़ नियंत्रण के लिए बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में तैनात हुआ पुलिस बल
परिजनों का आरोप है कि हाल ही में शशि मोदी ने उमा को 'देख लेने' की धमकी दी थी, जबकि उसके भांजे कृष्णा मोदी ने सरेआम चेतावनी दी थी कि 'तुम्हें जिंदा नहीं छोड़ेंगे।' परिजनों का स्पष्ट कहना है कि गोली चलाने वालों में शशि मोदी का भांजा कृष्णा मोदी शामिल था।
रोज की तरह निकले थे, चंदे की बातचीत के बाद मारी गोली
छह भाइयों में सबसे बड़े उमा भूषण तांती का परिवार में खासा प्रभाव था और भाइयों की एकजुटता के बल पर वे निरंतर सामाजिक व राजनीतिक कार्यों में सक्रिय रहते थे। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह भी वे अपने नियमित जनसंपर्क के लिए घर से निकले थे। रास्ते में कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें रोककर आगामी गणेश पूजा के चंदा-चिट्ठा और सहयोग को लेकर बातचीत की थी। वे जैसे ही बातचीत खत्म कर आगे बढ़े, तभी घात लगाए बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और पीछे से सिर में गोली मार दी। बीते विधानसभा चुनाव में दक्षिण खंड में भाजपा का जनाधार मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही थी, जिसके चलते इलाके में उनकी गहरी पैठ थी।
-1789109651186.webp)
पुलिस मुख्यालय सख्त, एसआईटी गठित; एक संदिग्ध हिरासत में
भाजपा मंडल अध्यक्ष की दिनदहाड़े हत्या का मामला गरमाते ही राज्य पुलिस मुख्यालय ने भागलपुर के आला अधिकारियों से सीधे पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए फौरन एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जो बबरगंज और दक्षिण खंड के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है। बबरगंज थानाध्यक्ष सत्यजीत कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।
-1789110206731.webp)
मायागंज अस्पताल में उमड़ी भीड़
भाजपा नेता की हत्या की खबर आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में भाजपा व एनडीए के प्रमुख नेता व कार्यकर्ता अस्पताल परिसर और मृतक के कुतुबगंज स्थित आवास पर एकत्र हो गए। मृतक छह भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने परिवार के मुख्य स्तंभ थे। उनकी असामयिक मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मुहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
-1789109765822.webp)
विधायक रोहित पांडेय पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय तत्काल मायागंज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी, ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग व न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। विधायक ने अस्पताल परिसर में ही वरीय पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर घटना की पूरी जानकारी ली और अपराधियों की अविलंब शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।

इधर, अस्पताल में आक्रोशित समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार स्वयं भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल परिसर में मुस्तैद रहे। सिटी एसपी अतुलेश झा ने परिजनों से मुलाकात कर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सिटी एसपी ने कहा कि बहुत जल्द हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-1789109842756.webp)
त्वरित न्याय का दिलाया भरोसा
इधर, वारदात की सूचना मिलते ही बबरगंज थाने की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से तकनीकी और मानवीय स्रोतों से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
