विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में रची भागलपुर के BJP नेता के मर्डर की साजिश! भाई का आरोप- मंदिर व तालाब विवाद में शशि मोदी ने कराया कत्ल

Published: Sat, 12 Sep 2026 12:59 AM (IST)

Uma Bhushan Tanti Murder Case: भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या की जांच में चौंकाने ...और पढ़ें

Uma Bhushan Tanti Murder Case: काली मंदिर और तालाब की जमीन बनी हत्या की वजह? उमा भूषण तांती मर्डर केस में शशि मोदी पर FIR, भाई ने खोले कई राज

Uma Bhushan Tanti Murder Case: काली मंदिर और तालाब की जमीन बनी हत्या की वजह? उमा भूषण तांती मर्डर केस में शशि मोदी पर FIR, भाई ने खोले कई राज

HighLights

  1. भाजपा नेता उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या।

  2. मृतक के भाई ने शशि मोदी को बताया मुख्य षड्यंत्रकारी।

  3. मंदिर और तालाब जमीन विवाद हत्या का मुख्य कारण।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Uma Bhushan Tanti Murder Case:भारतीय जनता पार्टी के श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की गोली मारकर की गई नृशंस हत्या की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। मृतक के भाई अरविंद तांती ने बबरगंज थाने की पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि इस पूरे हत्याकांड का मुख्य षड्यंत्रकारी (मास्टरमाइंड) शशि मोदी है, जिसने बेगूसराय में बैठकर इस खूनी वारदात की साजिश रची और अपने भांजे व अन्य शूटरों के जरिए इसे अंजाम दिलवाया। अरविंद के मुताबिक, शशि मोदी पूर्व में जोड़-तोड़ कर बेगूसराय में सरकारी सेवा में नियुक्त हो चुका है और वहीं से पूरे आपराधिक नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

  • मृतक भाजपा नेता उमा भूषण तांती के भाई अरविंद तांती ने बबरगंज थाने में दी तहरीर; शशि मोदी को बताया पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड

  • काली मंदिर की देखरेख और महादेव तालाब की जमीन खरीद-बिक्री के विरोध को लेकर बेगूसराय से ही साजिश रचकर हत्या कराने का आरोप

  • वार्ड 51 की पार्षद दीपिका कुमारी ने पति शशि मोदी का किया बचाव, बोलीं- 'बीमार हैं पति, पूर्व की रंजिश में झूठा फंसाया जा रहा'

  • पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, अश्विनी कुमार चौबे, नगर विधायक रोहित पांडेय और जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने जताया गहरा शोक; निष्पक्ष जांच की मांग

अरविंद तांती ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि शशि मोदी ने उनके भाई उमा भूषण तांती को पूर्व में ही गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। उसने साफ कहा था कि वह काली मंदिर की देखरेख और महादेव तालाब के मामलों में अपनी दिलचस्पी छोड़ दें। शशि का कहना था कि वह बाहर (बेगूसराय) रहकर भी सब कुछ संभाल लेगा और मंदिर के साथ-साथ तालाब की देखरेख भी खुद करेगा।

अरविंद ने पुलिस को बताया कि शशि मोदी महादेव तालाब से सटी जमीनों की अवैध खरीद-बिक्री के बड़े खेल में संलिप्त था। उमा भूषण तांती उसके इन गलत और असामाजिक कार्यों का पुरजोर विरोध करते थे। इसी बात से खुन्नस खाकर शशि मोदी ने अपने भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन मोदी और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर भाई की हत्या की पटकथा लिखी।

पार्षद पत्नी ने आरोपों को नकारा, बीमारी का दिया हवाला

दूसरी ओर, इस मामले में नामजद किए गए शशि मोदी के बचाव में उनकी पत्नी एवं वार्ड संख्या 51 की पार्षद दीपिका कुमारी सामने आई हैं। उन्होंने अपने पति पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उनके पति लंबे समय से अस्वस्थ हैं और हाल ही में उनका बड़ा ऑपरेशन हुआ है।

वह अब सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। पार्षद ने दावा किया कि पूर्व की राजनीतिक व व्यक्तिगत रंजिश के कारण उनके बीमार पति को इस हत्याकांड में जानबूझकर घसीटा जा रहा है, जबकि उमा भूषण तांती की हत्या से उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।

भाजपा नेताओं में भारी आक्रोश

समर्पित कार्यकर्ता उमा भूषण तांती की हत्या से पूरे भाजपा परिवार में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार और नगर विधायक रोहित पांडेय तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। नगर विधायक रोहित पांडेय ने पुलिस प्रशासन से सभी नामजद और अज्ञात हत्यारों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की।

अश्विनी चौबे ने SSP से की बात

पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उमा भूषण जी से उनका गहरा आत्मीय रिश्ता था। वे बेहद सरल और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उनका यूं चले जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि उमा भूषण से उनका तीन दशक पुराना पारिवारिक नाता था। उन्होंने भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और अन्य उच्चाधिकारियों से फोन पर बात कर मामले की त्वरित व निष्पक्ष जांच तथा दोषियों को किसी भी हाल में न बख्शने के निर्देश दिए।

इस दौरान एमएलसी डॉ. एनके यादव, मुरारी पासवान, पवन मिश्रा, श्वेता सिंह, गौतम यादव, राजकिशोर गुप्ता, अंजना प्रकाश, आलोक सिंह, योगेश पांडेय, उमाशंकर, नितेश सिंह, प्रणव दास, प्राणिक वाजपेयी, प्रतीक आनंद, दिलीप निराला, विजय साह और आशीष पांडेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त कर पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया।