सैंडिस कंपाउंड के सामने स्टंटबाजी ने ली जान! तेज रफ्तार बाइक ने महिला को रौंदा, ट्रांसफार्मर से टकराकर तोड़ा दम
Bhagalpur Bike Racing Accident: भागलपुर में तेज रफ्तार बाइक रेसिंग के दौरान हुए हादसे में एक महिला की जान चली ...और पढ़ें

Bhagalpur Bike Race Death Woman Killed by Speeding Bikers भागलपुर में 100 की रफ्तार से बाइक रेसिंग का कहर! महिला को 10 फीट दूर फेंका, ट्रांसफार्मर से टकराने पर मौत; मातम
HighLights
भागलपुर में तेज रफ्तार बाइक रेसिंग से महिला की मौत।
सैंडिस कंपाउंड के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
नाबालिग बाइक चालक पुलिस हिरासत में, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Bike Racing Accident: स्मार्ट सिटी भागलपुर की सड़कों पर सुबह-सुबह बिना किसी रोक-टोक के चलने वाली जानलेवा बाइक रेसिंग और लहरिया कट स्टंटबाजी ने रविवार को एक महिला की जान ले ली।
बरारी थाना क्षेत्र के सुखराज रोड पर सैंडिस कंपाउंड के ठीक सामने कटहलबाड़ी बड़ी खंजरपुर के समीप 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक अनियंत्रित बाइक ने महिला को जबर्दस्त टक्कर मार दी। बाइक का धक्का इतना भयानक था कि महिला हवा में 8 से 10 फीट दूर उछलकर सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफार्मर के लोहे के सुरक्षा घेरे (क्रैश बैरियर) से जा टकराई।
-1789295521764.webp)
हादसे में गंभीर रूप से घायल कटहलबाड़ी बड़ी खंजरपुर निवासी संजय यादव की 45 वर्षीय पत्नी रामदुलारी देवी ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।घटना रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। रोजमर्रा की तरह रामदुलारी देवी घर का कूड़ा पास के कूड़ेदान में डालकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान घूरनपीर मजार की तरफ से तिलकामांझी की ओर छह-सात युवकों का समूह अलग-अलग बाइकों पर रेस लगाते हुए निकला।
बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखराज रोड पर सैंडिस कंपाउंड के सामने सुबह-सुबह तेज रफ्तार बाइक रेसिंग के दौरान हुआ भीषण सड़क हादसा
कूड़ा फेंककर लौट रहीं 45 वर्षीय रामदुलारी देवी को बाइक ने मारी जबर्दस्त टक्कर; 10 फीट दूर ट्रांसफार्मर के लोहे के घेरे से टकराकर मौत
80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में लहरिया कट स्टंट कर रहे थे 6-7 युवक; नाबालिग चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
मृतका के पीछे पति व पांच बच्चे, बड़ी बेटी गया में बिहार पुलिस में सिपाही; बड़े बेटे अनिकेत के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
अत्यधिक तेज रफ्तार और लहरिया कट के फेर में एक बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया और उसने सड़क किनारे चल रही महिला को सीधे चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद महिला के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर जुटे स्थानीय नागरिकों ने आनन-फानन में घायल महिला को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं।
-1789295616003.webp)
नाबालिग चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा, बाकी युवक फरार
टक्कर मारने के बाद बाइक पलट गई, जिससे उसे चला रहा नाबालिग युवक भी चोटिल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग बाइक चालक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके साथ रेस लगा रहे अन्य युवक अपनी-अपनी तेज रफ्तार गाड़ियों के साथ तिलकामांझी की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची बरारी थाना पुलिस ने नाबालिग चालक को हिरासत में ले लिया और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले आई।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सुबह के वक्त सैंडिस कंपाउंड के आसपास की सड़कों पर नाबालिग लड़के 80 से 100 की स्पीड में लहरिया कट बाइक दौड़ाते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस पर कोई प्रभावी रोक नहीं लगाई जाती। अभिभावकों द्वारा नाबालिगों के हाथ में दोपहिया वाहन सौंपने और पुलिस की शिथिलता के कारण आए दिन निर्दोष लोग काल के गाल में समा रहे हैं।
बड़ी बेटी बिहार पुलिस में, घर में मचा कोहराम
अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामदुलारी देवी अपने पीछे पति संजय यादव के अलावा दो बेटे और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। मृतका की बड़ी बेटी रिंकू कुमारी बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर गया जिले में पदस्थापित है। मंझली बेटी पूनम पिछले चार महीनों से पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है, जबकि सबसे छोटी बेटी जिया नौवीं कक्षा में पढ़ाई करती है।
घटना की हृदयविदारक सूचना मिलते ही दोनों बेटियां गया और पटना से भागलपुर के लिए रवाना हो गईं। इधर, मृतका के बड़े पुत्र अनिकेत कुमार के लिखित बयान के आधार पर बरारी थाने में तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर फरार अन्य बाइकर्स की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
