विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में तीन बड़े हादसे : 7 लोगों की मौत, नवगछिया में ट्रक पलटा, कहलगांव में मालगाड़ी ने 3 मजदूरों को कुचला

Published: Fri, 03 Jul 2026 01:55 PM (IST)

भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में तीन भीषण हादसों में कुल 7 लोगों की मौत हो गई है। नवगछिया में ...और पढ़ें

नवगछिया में ट्रक पलटने से 3 बच्चों ने दम तोड़ा

नवगछिया में ट्रक पलटने से 3 बच्चों ने दम तोड़ा

HighLights

  1. नवगछिया में हाइवा पलटने से 3 बच्चों की मौत।

  2. कहलगांव में मालगाड़ी की चपेट में आए 3 रेल मजदूर।

  3. लोदीपुर में सड़क हादसे में टोटो चालक की मृत्यु।

संवाद सूत्र, नवगछिया/कहलगांव/गोराडीह (भागलपुर)। Bhagalpur Three Major Accidents Update: बिहार के भागलपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों में बीती रात से लेकर अब तक तीन अलग-अलग भीषण हादसों में भारी तबाही मची है। इन दुर्घटनाओं में कुल 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अलग-अलग जगहों पर हुए इन हादसों के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

नवगछिया में हाइवा पलटने से 3 बच्चों की मौत, 6 जख्मी

पहला भीषण हादसा नवगछिया के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के डोमासी टोला में हुआ। यहाँ एनएच 31 पर बालू लदे एक तेज रफ्तार हाइवा (ट्रक) का टायर अचानक ब्लास्ट हो गया। टायर फटने के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे भिखारी मलिक के घर पर जा पलटा, जहां बच्चे खेल रहे थे।

मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम

इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के नीचे दबने से तीन बच्चों की मौत हो गई है, जबकि 6 बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हैं। हादसे के बाद उग्र ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम कैंप कर रही है।

शिवनारायणपुर में मालगाड़ी की चपेट में आए चार रेल मजदूर

दूसरा हादसा कहलगांव रेलखंड के शिवनारायणपुर एवं लक्ष्मीपुर भोरंग रेलवे हॉल्ट के बीच शिवनारायणपुर सिग्नल के समीप गुरुवार की मध्यरात्रि में हुआ। यहाँ ट्रैक मेंटेनेंस के काम के लिए जा रहे चार मजदूर डाउन लाइन पर चलते समय पीछे से आई तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गए।

झारखंड के रहने वाले थे तीनों मृतक रेलकर्मी

इस रेल हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मजदूर प्रधान हांसदा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक सिमरन चौधरी ने बताया कि सभी मृतक झारखंड के साहेबगंज (तीन पहाड़) के निवासी थे।

लोदीपुर में टोल प्लाजा के पास टोटो चालक की मौत

वहीं, तीसरा हादसा लोदीपुर थाना क्षेत्र के बाईपास सड़क पर टोल प्लाजा के समीप सामने आया है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में टोटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जिछो बिशनपुर निवासी शालिग्राम यादव के 29 वर्षीय पुत्र अरविंद यादव के रूप में की गई है।

लोदीपुर थानाध्यक्ष ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह लोदीपुर थाना अध्यक्ष प्रेरणा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।