अब गंजे लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं; इस दवा से दूर होगी समस्या, उगेंगे घने बाल
गंजे लोगों के राहत की बड़ी खबर है। अब उनके सिर पर बाल उगाए जा सकते हैं। इसके लिए बिहार के एक चिकित्सक ने शोध किया है। इस बाबात आप भी जानिए।
सहरसा [कुंदन कुमार]। ब्लडप्रेशर की दवा से गंजापन दूर करने का दावा करते हुए डॉ. अभिजीत कुमार झा ने कहा है कि इसका साइड इफेक्ट भी नहीं के बराबर है। सहरसा के कहरा निवासी डॉ. झा इस समय पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में असिस्टेंट प्रोफसर हैं।
ब्लडप्रेशर की दवा से गंजापन दूर करने पर शोध
उन्होंने ब्लडप्रेशर की काफी कम पावर की दवा से गंजापन दूर करने पर शोध किया है। इसका कई गंजे लोगों पर प्रयोग किया, जिसमें सफलता मिली है। डॉ. झा ने बताया कि उन्होंने बाल उगाने के लिए ब्लडप्रेशर की काफी कम पावर की दवा पर रिसर्च किया, जिसमें कामयाबी मिली है। इससे तेजी से बाल उगते हैं, वहीं इसका साइड इफेक्ट भी नहीं है। उनके रिसर्च पेपर को दुनिया भर में प्रसिद्ध जर्नल ऑफ अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मोटलॉजी ने स्वीकृति दे दी है। पत्रिका के अगले अंक में इसका प्रकाशन होगा।
हेयर रिसर्च के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि
डॉ. झा का दावा है कि हेयर रिसर्च के क्षेत्र में यह एक बड़ी उपलब्धि है। वे इंटरनेशनल डर्मास्कोपी सोसाइटी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर में भी शामिल हैं। वे देश-विदेश में सफेद और काले दाग से छुटकारा पाने के उपचार पर शोध करते रहे हैं। उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है। पिछले साल उन्हें 2021 तक के लिए इंटरनेशनल डर्मास्कोपी सोसाइटी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर में शामिल किया गया। इस सोसाइटी में 168 देशों के 14,187 सदस्य हैं।
प्रतिष्ठित जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके आलेख
जर्नल ऑफ अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मोटोलॉजी में इनका दस आलेख प्रकाशित हो चुका है। इस विषय पर उनके एक सौ से अधिक आलेख दुनिया भर में प्रकाशित हुए हैं। डॉ. झा ने सफेद दाग और प्लेटलेट रिच प्लाज्मा के माध्यम से हेयर ग्रोथ समेत अन्य चीजों पर शोध किया है। उन्हें मार्च 2017 में अमेरिका के फ्लोरिडा में दुनिया के जाने-माने चिकित्सकों के बीच विश्वस्तरीय अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मोटोलॉजी स्कॉलरशिप अवार्ड दिया गया था।