बिहार के लिए गुजरात से बुरी खबर : राजकोट में फैक्ट्री का बॉयलर फटने से चार मजदूरों की मौत
गुजरात के राजकोट स्थित मोरबी में एक निजी फैक्ट्री का बॉयलर फट गया। दुर्घटना के दौरान काम कर रहे चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार अन्य बुरी तरह घायल हो गए। सभी मृतक बिहार के कटिहार के रहने वाले थे।
पटना, ऑनलाइन डेस्क। सुबह-सुबह बिहार (Bihar) के लिए गुजरात (Gujarat) से बुरी खबर है। गुजरात के राजकोट (Rajkot) स्थित मोरबी (Morbi) में एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने (Boiler Explosion) से बिहार के चार मजदूरों की मौत हो गई। मारे गए मजदूर बिहार के कटिहार (Katihar) जिले के कोढ़ा (Kodha) थाना क्षेत्र स्थित नक्कीपुर गांव (Nakkipur Village) के रहने वाले थे।
देर रात बॉयलर फटा, चार मजदूरों की मौत, चार घायल
कटिहार के जिलाधिकारी उदयन मिश्रा ने बताया है कि गुजरात के मोरबी जिले के खेरवा गांव में संचालित एक निजी फैक्ट्री (देव इंड्रस्ट्रीज) में देर रात बॉयलर फट गया। उस वक्त फैक्ट्री में काम चल रहा था। दुर्घटना में बॉयलर की चपेट में आकर चार मजदूरों की तुरंत ही मौत हो गई। जबकि, चार अन्य मजदूर घायल हो गए। जिलाधिकारी के अनुसार कटिहार जिला प्रशासन शवों को लानू के लिए राजकोट प्रशासन से सम्पर्क कर रहा है। शवों को घर लाने की जिम्मेदारी कटिहार के अपर समाहर्ता विजय कुमार को दी गई है।
घटना से गांव में पसरा मातम, अब शवों का इंतजार
मारे गए मजदूर 19 वर्ष से लेकर 25 वर्ष के बीच के युवक थे। वे अपने परिवार के आर्थिक आधार थे। अपने चार युवकों की मौत पर पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें अब शवों के आने का इंतजार है।