महिलाओं से छेड़खानी करता था शोहदा, मिली ये खौफनाक सजा
पड़ोस की महिलाओं से छेड़छाड़ के कारण ऑटो चालक को गुस्सा आ गया। उसने शोहदे का सिर कूंच डाला। फिर, उसने खून सने कपड़ों में ही थाना पहुंच सरेंडर कर दिया।
भागलपुर [जेएनएन]। पड़ोस की महिलाओं से छेड़छाड़ से आजिज एक ऑटो चालक ने शोहदे का सिर कूंच डाला। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके बाद ऑटो चालक ने पुलिस के पास सरेंडर कर दिया। घटना भागलपुर के पासी टोला में हुई।
ऑटो चालक रंजन कुमार ने मंगलवार की देर शाम पासी टोला मोहल्ले के युवक सूरज चौधरी उर्फ चंगु का सिर मसाला पीसने वाली लोढ़ी से कूंच डाला। फिर उसे को मरा मान खुद इशाकचक थाने पहुंच गया। उसके हाथ और कपड़े खून से सने थे।
रंजन कुमार ने थाने पहुंच इंस्पेक्टर राम एकबाल यादव को बताया कि उसने अपने मोहल्ले के सूरज की रेलवे लाइन के समीप हत्या कर दी है। सूचना पर इंस्पेक्टर खुद मौके पर पहुंचे और ख्रून से लथपथ सूरज को मरनासन्न हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। सूरज की मां गीता देवी के बयान पर रंजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कई बार सूरज को दी थी चेतावनी
रंजन ने बताया कि सूरज अक्सर नशे मे उसके घर के आसपास पहुंचकर गाली-गलौज करता था। वही घर की महिलाओ समेत आसपास के भी लड़कियो के साथ छेड़खानी और फब्तियां कसता था। इसके लिए उसने कई बार सूरज को मना किया था। आज आजिज होकर यह कदम उठाया।
सिर पर हत्या की नीयत से किया वार
रंजन ने स्वीकार किया शाम को सूरज फिर उसके घर के समीप गंदे कमेट कर रहा था। इस कारण उसे गुस्सा आ गया और घर मे रखी लोढ़ी लेकर सूरज को खींचते हुए पास में ही रेलवे पटरी की तरफ ले गया। वहां पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया।
अवैध संबंध की आशंका जता रही पुलिस
पुलिस ने आशंका जताई है कि यह हमला अवैध संबंध को लेकर हुआ है। हालांकि, किसका संबंध किससे है। इस बात की जानकारी तफ्तीश के बाद ही मिल पाएगी। पुलिस को आशंका है कि रंजन ने सूरज को किसी अपने को आपत्तिजनक हालत मे देखा होगा। इस कारण वह अपने गुस्से पर काबू नही कर पाया। रंजन ऑटो चलाकर परिवार का पेट भरता है। उसके घर मे उसकी एक बहन, पत्नी, मां, पिताजी और भाई रहते हैं।