सबौर में चेकिंग के दौरान बुलेट सवार ने दारोगा पर बोला हमला
बुलेट पर ट्रिपल लोडिंग होकर जा रहे लोगों को रोकना सबौर के दारोगा सूर्य देव पासवान को महंगा पड़ गया। बुधवार को दारोगा सबौर बाजार में गश्ती पर थे।
भागलपुर। बुलेट पर ट्रिपल लोडिंग होकर जा रहे लोगों को रोकना सबौर के दारोगा सूर्य देव पासवान को महंगा पड़ गया। बुधवार को दारोगा सबौर बाजार में गश्ती पर थे। वे उच्च विद्यालय सबौर मोड़ पर पहुंचे। तभी एक बुलेट पर जा रहे तीन लोगों को उन्होंने शक होने पर रुकने का इशारा किया। इशारा देख उन लोगों ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी, लेकिन सबौर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इस पर तीनों लड़के हमलावर हो गए। इस मामले में पुलिस ने अपने बयान पर केस दर्ज कर लिया है। कड़ी मशक्कत के बाद काबू में आए बुलेट सवार
घटना की बाबत स्थानीय लोगों ने कहा कि बुलेट सवार दारोगा और जवानों से उलझ गए और उन्हें पीट दिया। फिर भी दारोगा व जवानों ने दो हमलावरों को पकड़ लिया। इनकी पहचान आनंपुर के मांछीपुर निवासी विशाल पासवान और फतेहपुर निवासी प्रमोद पासवान के रूप में हुई है। पकड़ा गया एक बाइक सवार रह चुका है हत्यारोपित
आनंदपुर मांछीपुर निवासी बिरन पासवान का पुत्र विशाल पासवान सबौर कांड संख्या 63/ 2016 में हत्या का आरोपित है। दूसरा फतेहपुर निवासी अयोध्या पासवान का पुत्र प्रमोद पासवान और तीसरा जो भाग गया वह फतेहपुर निवासी मो. इसराइल का पुत्र मो. रियास बताया गया। पुलिस के मुताबिक विशाल पासवान सबौर कांड संख्या 63/ 2016 में हुई संतोष पासवान हत्याकांड का आरोपित भी रहा है। पुलिस पकडे़ गए दोनों लोगों से पूछताछ कर रही है। एसआइ के अंदरूनी हिस्से में लगी चोट
एसआइ सूर्य देव पासवान पर हमला करने वाले आरोपितों ने उनके आंतरिक अंगों पर लात घूंसों से मारा है। इस कारण उन्हें गंभीर चोट आई है। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जानकारी एसएसपी आशीष भारती समेत अन्य को मिलते ही उन्होंने डीएसपी लॉ एंड आर्डर निसार अहमद शाह को जांच के लिए सबौर थाने भेजा। उन्होंने कहा कि दारोगा समेत अन्य लोगों से मामले की जानकारी ली है। जांच के बाद आरोपितों पर सख्त कार्रवाई होगी।