मधेपुरा में आक्रोशित ग्रामीणों ने कर दी पुलिस की पिटाई, एक पुलिसकर्मी जख्मी
मधेपुरा में सड़क जाम कर रहे लोगों और पुलिस में बीच हिंसक झड़प को गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। मामले की जांच कर रही है। जख्मी का इलाज किया जा रहा है।
मधेपुरा, जेएनएन। आलमनगर प्रखंड स्थित आलमनगर थाना क्षेत्र के इटहरी पंचायत सहायक थाना अंतर्गत गौछी चौक के समीप सड़क जाम कर रहे लोगों व पुलिस के बीच झड़प हो जाने से आक्रोशित भीड़ ने पुलिस बल की पिटाई कर दी। उसमें रतवारा थाने के थानाध्यक्ष रामनिवास चौधरी व एक अन्य पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए आलमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गत दिनों पुलिस ने एक व्यक्ति द्वारा मछली के शिकार के लिए लगाए गए जाल को जब्त कर लिया था। वे लोग उसे मांगने थाने गए तो उसके एवज में उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई। इसके खिलाफ उन्होंने बुधवार को गौछी चौक को जाम कर दिया।
इसकी जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ वहां आए। सामान्य तरीके से बातचीत कर मामला सुलझाने के बजाय पुलिस दल रोब गांठने व बल प्रयोग पर उतारू हो गई। प्रदर्शनकारियों को मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी गई। इससे भीड़ में शामिल कुछ लोग आक्रोशित हो गए और थाना प्रभारी सहित एक पुलिस कर्मी की पिटाई कर दी। उधर इस बारे में थाना प्रभारी चौधरी ने बताया कि उन लोगों द्वारा खतरनाक किस्म का जाल लगाया गया था। उसमें जलकर पार करने वाले किसी व्यक्ति के फंस जाने पर बचने की कम ही उम्मीद रहती है। पिछले माह वहां पर एक महिला की मौत हो चुकी थी। पानी के तेज बहाव के कारण सड़क के क्षतिग्रस्त होने की भी आशंका थी। इन सबको देखते उनलोगों से जाल हटा लेने को कहा गया था। लेकिन उनके द्वारा वैसा नहीं करने पर उसे जब्त कर लिया गया। हमलावरों द्वारा पूर्व नियोजित साजिश के तहत मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियो ंसे दिशानिर्देश की मांग की गई है। उसके मिलते ही सभी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सड़क जाम हटवाने गई पुलिस पर हमला हुआ है। यह निंदनीय और बेहद दुखद है। इस घटना में शामिल एक भी हमलावर को बख्शा नहीं जाएगा। - उदय कुमार, थानाध्यक्ष, आलमनगर (मधेपुरा)